मुख्यमंत्री धामी की पहल को मिली रफ्तार, 2.77 करोड़ रुपये की स्वीकृति से पर्यटन विकास को मिलेगा नया आयाम।
चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की महत्वाकांक्षी सोच के तहत मॉडल जिले चंपावत में साहसिक पर्यटन को नई उड़ान मिलने जा रही है। जनपद के डाडा ककनई क्षेत्र को पैराग्लाइडिंग हब के रूप में विकसित करने के लिए राज्य सरकार ने 2 करोड़ 77 लाख 33 हजार रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रथम किश्त के रूप में 1 करोड़ 10 लाख रुपये भी जारी किए गए हैं।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा संख्या-231/2026 के तहत डाडा ककनई क्षेत्र में पैराग्लाइडिंग सहित साहसिक पर्यटन गतिविधियों के विकास के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे चंपावत जिले को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी।
उन्होंने कहा कि जनपद में साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। सरकार इन संभावनाओं को धरातल पर उतारने के लिए लगातार प्रयासरत है। परियोजना के पूरा होने के बाद डाडा ककनई देश-विदेश के पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा, वहीं स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
शासनादेश के अनुसार परियोजना का क्रियान्वयन कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) के माध्यम से किया जाएगा। निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों एवं गुणवत्ता नियंत्रण के अनुरूप संपादित किया जाएगा। साथ ही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक परीक्षण और प्रक्रियाओं का पालन किया जाएगा। डाडा ककनई में प्रस्तावित पैराग्लाइडिंग परियोजना के साकार होने के बाद चंपावत साहसिक खेलों का नया केंद्र बनकर उभरेगा और जिले की पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
फोटो मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।
चंपावत में उड़ान भरेगा साहसिक पर्यटन, डाडा ककनई बनेगा पैराग्लाइडिंग हब।
