चंपावत: टनकपुर में बन रहा आधुनिक स्टेट गेस्ट हाउस, डीएम मनीष कुमार ने निरीक्षण कर दिए सख्त निर्देश।

Share This Post

₹61 करोड़ से अधिक की बहुउद्देशीय परियोजना में तेजी लाने के निर्देश, मानसून से पहले प्रमुख निर्माण कार्य पूरे करने पर जोर।



टनकपुर/चंपावत। सीमांत और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण टनकपुर क्षेत्र में राज्य सरकार द्वारा विकसित की जा रही बहुउद्देशीय प्रशासनिक अवसंरचना परियोजना का जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माणाधीन आधुनिक स्टेट गेस्ट हाउस परिसर का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
करीब ₹6179.20 लाख की लागत से तैयार की जा रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण कार्य ब्रिडकुल के माध्यम से कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने निर्माण सामग्री, सुरक्षा मानकों और कार्य प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि यह परियोजना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने विशेष रूप से फायर सेफ्टी मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कार्यदायी संस्था को मानसून से पहले सभी प्रमुख कास्टिंग कार्य पूरे करने को कहा, ताकि वर्षाकाल के दौरान निर्माण कार्य प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि बरसात से पहले महत्वपूर्ण संरचनात्मक कार्य हर हाल में पूरे किए जाएं।
इस समेकित परियोजना के अंतर्गत अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त स्टेट गेस्ट हाउस के अलावा ट्रांजिट हॉस्टल, वन विभाग के आवासीय क्वार्टर, सिंचाई विभाग और नलकूप विभाग के कार्यालय भवनों का भी निर्माण किया जा रहा है। इससे विभिन्न विभागों को व्यवस्थित और आधुनिक कार्यस्थल उपलब्ध हो सकेगा।
टनकपुर नेपाल सीमा से सटा एक महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक, श्रद्धालु और अधिकारी पहुंचते हैं। ऐसे में आधुनिक सुविधाओं से लैस स्टेट गेस्ट हाउस परिसर बनने से प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूती मिलने के साथ पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कार्यदायी संस्था ब्रिडकुल और निर्माण कंपनी को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा और स्वच्छता मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए तथा अधिकतम कार्य मानसून से पहले पूरा किया जाए। उन्होंने परियोजना की वर्तमान प्रगति, वित्तीय व्यय और आगामी कार्ययोजना की भी जानकारी ली। उल्लेखनीय है कि इस परियोजना का निर्माण कार्य फरवरी 2026 से शुरू किया गया है और इसे 18 माह की निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
निरीक्षण के दौरान विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, खंड विकास अधिकारी अशोक अधिकारी, सहायक अभियंता सिंचाई मनोज तिवारी, ब्रिडकुल के अधिशासी अभियंता संदीप रावत,सहायक अभियंता मोहम्मद आसिफ, अपर सहायक अभियंता निमेष अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


फोटो– टनकपुर में निर्माणाधीन आधुनिक स्टेट गेस्ट हाउस परियोजना का निरीक्षण करते जिलाधिकारी मनीष कुमार एवं मौजूद अधिकारी।


Share This Post