ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से लगाई गुहार, कहा— “अब आपसे ही अंतिम उम्मीद”
चंपावत। आधुनिक विकास और सरकारी योजनाओं के बड़े-बड़े दावों के बीच जनपद चंपावत का ग्राम जमरसौ आज भी मूलभूत सुविधा सड़क से वंचित है। तहसील लोहाघाट के अंतर्गत आने वाले परगना खाली तोक स्थित इस गांव के ग्रामीण पिछले लगभग 20 वर्षों से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी आवाज़ शासन-प्रशासन के गलियारों में अनसुनी बनी हुई है। वर्षों की उपेक्षा और लगातार टूटते भरोसे के बाद अब ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है।
समस्त ग्रामवासियों द्वारा जिलाधिकारी को भेजे गए प्रार्थना पत्र में गांव की पीड़ा और बदहाल स्थिति को विस्तार से रखा गया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क सुविधा न होने के कारण गांव के लोगों का जीवन आज भी बेहद कठिन और जोखिम भरा बना हुआ है। बरसात के मौसम में यह रास्ते और अधिक फिसलन भरे एवं जानलेवा हो जाते हैं।
ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकार चंपावत को “मॉडल जिला” बनाने की बात करती है, लेकिन आज भी उनका गांव सड़क जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित है। ग्रामीणों ने सवाल उठाते हुए कहा कि “क्या मॉडल जिला चंपावत में हमारी परेशानियां किसी को दिखाई नहीं दे रही हैं?” उनका कहना है कि जब आज भी बीमार और गर्भवती महिलाओं को डोली में ढोकर सड़क तक पहुंचाना पड़ रहा है, तो यह विकास के दावों पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
ग्रामीणों ने अपने प्रार्थना पत्र में कहा है कि “हमारे गांव के साथ पिछले 20 वर्षों से लगातार अन्याय हो रहा है। विकास की सबसे जरूरी सुविधा सड़क से आज भी हम वंचित हैं। अब हमें जिला प्रशासन से ही अंतिम उम्मीद है।” ग्रामीणों ने जिलाधिकारी के जनहितकारी और न्यायप्रिय कार्यों पर भरोसा जताते हुए शीघ्र सड़क निर्माण की कार्यवाही शुरू कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि हर चुनाव में जनप्रतिनिधि गांव पहुंचकर सड़क निर्माण के बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही गांव की समस्याओं की ओर कोई ध्यान नहीं देता। ग्रामीणों के अनुसार ग्राम प्रधान से लेकर संबंधित अधिकारियों तक कई बार सड़क निर्माण की मांग उठाई गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन देकर मामला टाल दिया गया। दो दशक बीत जाने के बाद भी धरातल पर कोई कार्यवाही नहीं हो सकी है।
इस दौरान ग्रामीणों में कुंवर सिंह, मेन सिंह, महेश सिंह, गिरी सिंह, भवान सिंह, प्रकाश सिंह, गणेश सिंह, राधा देवी, गोविंदी देवी, कुंती देवी, मंजू देवी, ममता देवी, कमला देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
गांववासियों का कहना है कि सड़क केवल सुविधा नहीं, बल्कि उनके लिए जीवन और सुरक्षा का प्रश्न बन चुकी है। यदि समय रहते सड़क निर्माण नहीं हुआ तो भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी से भी इंकार नहीं किया जा सकता। अब देखना होगा कि प्रशासन ग्रामीणों की इस वर्षों पुरानी मांग पर कब तक ठोस कदम उठाता है।
फोटो_ सड़क की मांग को लेकर एकजुट हुए ग्राम जमरसौ के ग्रामीण, बोले— “वादे बहुत हुए, अब गांव तक सड़क चाहिए।”
चंपावत: वर्षों से सड़क को तरसे ग्राम जमरसौ के ग्रामीण, डोली के सहारे गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने को मजबूर।

