चंपावत: “वन बचेंगे तो जीवन बचेगा” : चंपावत में वनाग्नि रोकथाम को लेकर जागा जनजागरूकता का अलख।

Share This Post

हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ, पपेट शो और छात्र-छात्राओं की रचनात्मक प्रस्तुतियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश।


चंपावत। अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, चंपावत में रविवार को वनाग्नि रोकथाम विषय पर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और पर्यावरण प्रेमियों ने मिलकर जंगल बचाने और प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार में दर्जा राज्यमंत्री (वन एवं पर्यावरण) श्याम नारायण पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्याम नारायण पाण्डेय ने कहा कि वनाग्नि केवल जंगलों को ही नहीं, बल्कि पर्यावरण, जैव विविधता और मानव जीवन को भी गंभीर रूप से प्रभावित करती है। उन्होंने समाज के हर वर्ग से वन संरक्षण के लिए आगे आने और सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
पपेट शो बना आकर्षण का केंद्र, बच्चों ने दिखाई रचनात्मक सोच
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण शिक्षाविद् एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय विप्लव भट्ट द्वारा प्रस्तुत जन-जागरूकता आधारित पपेट शो “वनाग्नि और जीव-जंतु” रहा। पपेट शो के जरिए जंगलों में लगने वाली आग से वन्यजीवों और पर्यावरण को होने वाले नुकसान को बेहद प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी वनाग्नि रोकथाम विषय पर पोस्टर प्रदर्शनी, निबंध प्रतियोगिता और विचार गोष्ठी में बढ़-चढ़कर भाग लिया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और पारितोषिक देकर सम्मानित किया गया। हस्ताक्षर अभियान से दिया जंगल बचाने का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान वनाग्नि रोकथाम को लेकर हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ भी किया गया। उपस्थित लोगों ने हस्ताक्षर कर जंगलों की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। इस अवसर पर एसडीओ चंपावत वन प्रभाग सुनील कुमार, अभिलाषा समिति चंपावत के निदेशक डॉ. किशोर कुमार पंत, वरिष्ठ पत्रकार बशंत बल्लभ भट्ट और वन क्षेत्राधिकारी ब्रजमोहन टम्टा ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि वनाग्नि रोकने के लिए जनजागरूकता और सामुदायिक सहभागिता बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य उमेद सिंह बिष्ट ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ अध्यापक जगदीश चंद्र जोशी ने किया।

फोटो– वनाग्नि रोकथाम जन-जागरूकता कार्यक्रम में कक्षा 8वी की छात्रा रिद्धि पंत को सम्मानित करते मंत्री श्याम नारायण पांडे।


Share This Post