कांग्रेस हाईकमान की मंजूरी के बाद नई समिति का ऐलान, कुमारी सैलजा को अहम जिम्मेदारी।
हरीश रावत, प्रीतम सिंह, करण माहरा समेत कई दिग्गज नेताओं को मिली जगह।
देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक रणनीति को धार देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। कांग्रेस अध्यक्ष की मंजूरी के बाद प्रदेश की 23 सदस्यीय राजनीतिक मामलों की समिति (पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी) का गठन कर दिया गया है। नई समिति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। इसकी अधिसूचना कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के. सी. वेणुगोपाल ने जारी की है।
नई समिति में वरिष्ठ कांग्रेस नेता कुमारी सैलजा को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा, वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह, यशपाल आर्य, हरक सिंह रावत और विधायक भुवन कापड़ी समेत कई वरिष्ठ नेताओं को समिति में शामिल किया गया है।
प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों, राजनीतिक परिस्थितियों की समीक्षा, सरकार के खिलाफ रणनीति तय करने, चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप देने तथा महत्वपूर्ण राजनीतिक निर्णयों पर यह समिति अपनी भूमिका निभाएगी। माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा और स्थानीय निकायों से जुड़े राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर भी समिति सक्रिय भूमिका में नजर आएगी।
कांग्रेस हाईकमान द्वारा गठित इस नई समिति को प्रदेश संगठन में समन्वय मजबूत करने और पार्टी की राजनीतिक गतिविधियों को नई दिशा देने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। समिति में वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं के साथ-साथ सक्रिय जनप्रतिनिधियों को भी शामिल कर संगठनात्मक संतुलन साधने का प्रयास किया गया है। इससे आने वाले समय में उत्तराखंड कांग्रेस की राजनीतिक गतिविधियों में तेजी आने के संकेत माने जा रहे हैं।
देहरादून: उत्तराखंड कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, 23 सदस्यीय राजनीतिक मामलों की समिति गठित।
