चंपावत: तेज बारिश से बाधित हुआ पूर्णागिरि मार्ग, चंपावत पुलिस की तत्परता से फिर दौड़ा यातायात

Share This Post

टनकपुर/चंपावत। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच बूम क्षेत्र स्थित बटना गाड़ में जलस्तर बढ़ने से माँ पूर्णागिरि मंदिर जाने वाला मार्ग मंगलवार को कुछ समय के लिए बाधित हो गया। अचानक मार्ग बंद होने से श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही चंपावत पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया और कुछ ही देर में मार्ग को दोबारा सुचारु करा दिया।
बूम चौकी और ठुलीगाड़ चौकी की पुलिस टीमों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जेसीबी और पोकलैंड मशीनों की सहायता से मार्ग पर जमा मलबा हटाया और रास्ते को सुरक्षित बनाया। इसके बाद पुलिस ने श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को सुरक्षित तरीके से मार्ग पार कराया, जिससे यातायात सामान्य हो सका और पूर्णागिरि धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा निर्बाध रूप से जारी रही।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और जनसेवा की भावना की स्थानीय लोगों व श्रद्धालुओं ने सराहना की। लोगों ने कहा कि विषम परिस्थितियों में पुलिस की सक्रियता से बड़ी परेशानी टल गई और समय रहते मार्ग बहाल होने से यात्रियों को राहत मिली।
चंपावत पुलिस ने अपील की है कि लगातार बारिश के दौरान नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचें तथा प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। पुलिस ने कहा कि आपदा जैसी किसी भी स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए वह हर समय तत्पर है।

फोटो_तेज बारिश से बटना गाड़ में बढ़े जलस्तर के बीच जेसीबी की मदद से मार्ग बहाल कर श्रद्धालुओं और यात्रियों को सुरक्षित पार कराती चंपावत पुलिस टीम।

वीडियो_


Share This Post