गुरुवार से मेले में शुरू हो जाएगी व्यापारीक गतिविधिया। पूरी तरह सज चुका है गोरलचौड़ का मैदान।
चंपावत। गोरलचौड़ मैदान में आयोजित गोलज्यू महोत्सव इन दिनों पूरे शबाब पर है। हर दिन बढ़ती भीड़ और सजी-धजी दुकानों से मेले की रौनक लगातार बढ़ रही है, लेकिन मौसम के पल-पल बदलते मिजाज ने व्यापारियों और आम लोगों की उम्मीदों पर थोड़ा पानी फेर दिया है। बावजूद इसके, मेले का उत्साह बरकरार है।
मौसम की अनिश्चितता को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए मेले की अवधि तीन दिन बढ़ा दी है। अब यह महोत्सव 16 मई तक चलेगा। पहले मेले का आयोजन 13 मई तक प्रस्तावित था। नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे और अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी ने बताया कि जनहित और व्यापारियों की मांग को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
महोत्सव में सांस्कृतिक रंग भी जमकर बिखरेंगे। अब स्टार नाइट कार्यक्रम 14 से 16 मई तक आयोजित किए जाएंगे, जिनमें देश के नामी कलाकारों के आने की सहमति मिल चुकी है। वहीं प्रतिदिन अपराह्न 4 बजे से 7 बजे तक स्थानीय कलाकारों और स्कूली बच्चों के रंगारंग कार्यक्रम भी दर्शकों को आकर्षित करेंगे।
आज नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे ने अपने पति शंकर दत्त पांडे के साथ गोरल देव मंदिर में पूजा-अर्चना कर महोत्सव की सफलता और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। गोरलचौड़ मैदान पूरी तरह मेले के रंग में रंग चुका है। करीब 350 दुकानों से सजा यह मेला लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। स्थानीय व्यापारियों के साथ ही हिमाचल प्रदेश के डलहौजी से आए 250 से अधिक व्यापारियों ने भी यहां डेरा डाला है। मेले में झूले, खेल-तमाशे, “मौत का कुआं” जैसे रोमांचक आकर्षणों के साथ बच्चों और बड़ों के मनोरंजन के तमाम साधन मौजूद हैं। इसके अलावा क्रॉकरी, श्रृंगार सामग्री, ज्वेलरी, हथकरघा उत्पाद, कंबल, शॉल, कालीन, पर्दे और अन्य फैंसी सामान की भरमार है। व्यापारी मोहसिन हुसैन, अभिषेक कुमार और पंकज ने उम्मीद जताई कि यदि मौसम साथ देता है तो बिक्री में और तेजी आएगी।
फोटो गोलू मंदिर में पूजा-अर्चना करतीं नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, उनके पति शंकर दत्त पांडे एवं पुजारी बसंत पांडे।
चंपावत: मौसम की मार के बीच गुलजार हो रहा गोलज्यू महोत्सव, मेला 16 मई तक बढ़ा।

