चंपावत: गोलज्यू महोत्सव में व्यापारिक मेले का शुभारंभ, गोरलचौड़ मैदान में लौटी रौनक।

Share This Post

चंपावत। ऐतिहासिक गोरलचौड़ मैदान में आयोजित गोलज्यू महोत्सव अब पूरी तरह रंग में आने लगा है। मौसम के अनुकूल होते ही महोत्सव स्थल सज गया है और व्यापारिक गतिविधियां भी शुरू हो गई हैं। बुधवार को नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे ने सभासदों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ व्यापारिक मेले का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर सभासद मणिप्रभा तिवारी, बबीता प्रहरी, प्रेम चिलकोटी, रोहित बिष्ट, नंदन तड़ागी, गौरव कॉलोनी, दिनेश बडोला, पूजा वर्मा, गीता अधिकारी सहित नगर के कई सम्मानित लोग मौजूद रहे।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे ने लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि नगर और ग्रामीण क्षेत्र की जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए इस महोत्सव को नया रूप और स्वरूप दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से क्षेत्र में पर्यटन, धार्मिक पर्यटन और होटल व्यवसाय को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चंपावत जिले की तस्वीर और तकदीर तेजी से बदल रही है। ऐसे आयोजनों से क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान मजबूत होने के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिल रही है।
बाद में अध्यक्ष प्रेमा पांडे ने सभासदों के साथ मेला प्रांगण का निरीक्षण भी किया। मेले में विभिन्न क्षेत्रों से आए व्यापारियों ने अपनी दुकानें सजा ली हैं। खेल-तमाशा संचालकों के चेहरों पर भी रौनक लौट आई है। महोत्सव में स्थानीय उत्पाद विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए विशेष प्रयास किए गए हैं ताकि उनका आर्थिक स्तर मजबूत हो सके।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी भारत त्रिपाठी ने कहा कि यदि मौसम मेहरबान रहा तो यह महोत्सव हर दृष्टि से सफल साबित होगा। उन्होंने नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के लोगों से आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील भी की।


फोटो – गोरलचौड़ मैदान में गोलज्यू महोत्सव के व्यापारिक मेले का शुभारंभ करती नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, साथ में पालिका सभासद एवं अन्य गणमान्य नागरिक।


Share This Post