37.82 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रहे स्मारक में जिले के 62 शहीदों के नाम स्वर्णाक्षरों में होंगे अंकित।
बनबसा/चंपावत। मॉडल जिला चंपावत में वीर शहीदों के सम्मान में बनबसा में तैयार किया जा रहा भव्य सैनिक स्मारक अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। करीब 37.82 लाख रुपये की लागत से निर्मित हो रहा यह स्मारक जिले के वीर सपूतों के अदम्य साहस, त्याग और बलिदान का प्रतीक बनेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की परिकल्पना के अनुरूप बनाए जा रहे इस स्मारक का लोकार्पण भी उनके हाथों होने की संभावना है।
स्मारक निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने से लेकर निर्माण कार्य की प्रगति तक जिला प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। जिलाधिकारी मनीष कुमार और जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह के निर्देशन में नगर पंचायत बनबसा की ओर से निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
बुधवार को कर्नल उमेद सिंह ने गौरव सेनानी संगठन के अध्यक्ष कैप्टन भानी चंद और नगर पंचायत के अभियंता के साथ निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
कर्नल उमेद सिंह ने कहा कि यह स्मारक केवल एक भवन नहीं, बल्कि शहीदों की वीरगाथाओं का जीवंत प्रतीक होगा। यहां आने वाली पीढ़ियां देशभक्ति, समर्पण और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा प्राप्त करेंगी।
स्मारक में चंपावत जिले के उन 62 वीर शहीदों के नाम स्वर्णाक्षरों में अंकित किए जाएंगे, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि यह स्मारक मॉडल जिला चंपावत की एक नई पहचान बनेगा और शहीदों के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को और अधिक सशक्त करेगा।
फोटो_बनबसा में निर्माणाधीन सैनिक स्मारक का निरीक्षण करते जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह, गौरव सेनानी संगठन के अध्यक्ष कैप्टन भानी चंद एवं अन्य।
