

टेबल टेनिस में जिले में शानदार प्रदर्शन, विद्यालय और क्षेत्र का बढ़ाया मान।
चंपावत। राउमावि खूनाबोरा के विद्यार्थियों ने टेबल टेनिस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर विद्यालय के सात छात्र-छात्राओं ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए जगह बनाई है। एक साथ सात विद्यार्थियों का राज्य स्तर के लिए चयन विद्यालय की खेल प्रतिभा और निरंतर अभ्यास का प्रमाण है।
राज्य स्तर के लिए चयनित खिलाड़ियों में रेनू बिष्ट, अनिका जोशी, गीतांजलि बोहरा, हिमांशु बोहरा, संदीप विश्वकर्मा, विवेक बिष्ट और लक्ष्मण सामंत शामिल हैं। खिलाड़ियों ने जिला स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
यूथ एंड ईको क्लब प्रभारी प्रकाश चन्द्र उपाध्याय ने बताया कि विद्यार्थियों की इस सफलता के पीछे नियमित अभ्यास, खेल के प्रति समर्पण और विद्यालय स्तर पर मिल रहा प्रोत्साहन अहम रहा। व्यायाम शिक्षिका मीरा पंत तथा नवीन चन्द्र जोशी के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने खेल की बारीकियों को सीखा और प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन किया।
पीटीए प्रभारी प्रकाश चन्द्र उपाध्याय ने बताया कि टेबल टेनिस प्रतियोगिता में सात विद्यार्थियों का राज्य स्तर के लिए चयन हुआ है। इसके अलावा पिछले सप्ताह आयोजित मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा में भी विद्यालय के चार विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय परीक्षा उत्तीर्ण की है। एक ही विद्यालय के विद्यार्थियों की खेल और शैक्षणिक क्षेत्र में यह उपलब्धि क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।
अभिभावकों ने विद्यार्थियों की सफलता पर मार्गदर्शक शिक्षक प्रकाश चन्द्र उपाध्याय, व्यायाम शिक्षिका मीरा पंत, नवीन चन्द्र जोशी सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का आभार जताया। विद्यालय की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार और क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
प्रधानाचार्य खीमानंद पाण्डेय, पीटीए अध्यक्ष भावना देवी, शिक्षक मनोज कुमार गड़कोटी, नवीन चन्द्र जोशी, राजेश्वरी जुकरिया, मीरा पंत, कमला जोशी, प्रकाश चन्द्र उपाध्याय तथा क्षेत्रवासियों ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
फोटो_राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित राउमावि खूनाबोरा के छात्र-छात्राएं।




