लोहाघाट। साइबर अपराधों के लगातार बढ़ते मामलों के बीच लोहाघाट पुलिस ने ग्राम कामाजूला में विशेष जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को ठगी के नए-नए तरीकों से सतर्क रहने की सलाह दी। पुलिस टीम ने ग्रामीणों को फर्जी लोन, मोबाइल टावर लगाने के नाम पर ठगी, अधिक मुनाफे का लालच देकर धोखाधड़ी, ओटीपी साझा करने और बैंक खातों से जुड़ी साइबर ठगी के मामलों की जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में रिपोर्टिंग पुलिस चौकी बाराकोट और थाना लोहाघाट की टीम ने लोगों को बताया कि अनजान नंबरों से आने वाली कॉल और संदेशों पर आंख मूंदकर भरोसा करना भारी पड़ सकता है। अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ बैंक खाते की जानकारी, पिन, पासवर्ड या ओटीपी साझा न करें।
अभियान के दौरान साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930, महिला हेल्पलाइन और 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
चंपावत पुलिस ने अपने संदेश में कहा, “जरा रुकें, सोचें और परखें, उसके बाद ही कोई कदम उठाएं। आपकी सतर्कता ही आपकी सबसे बड़ी सुरक्षा है।”
फोटो_ग्राम कामाजूला में आयोजित साइबर जागरूकता अभियान में ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी से बचाव की जानकारी देती पुलिस टीम।
चंपावत: साइबर ठगों पर लोहाघाट पुलिस का वार, कामाजूला में घर-घर पहुंचाया जागरूकता का संदेश।
