चंपावत। सोशल मीडिया पर अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री साझा करने वालों के खिलाफ चंपावत पुलिस ने सख्त अभियान छेड़ दिया है। राष्ट्रीय साइबर निगरानी तंत्र के जरिए मिली शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इंस्टाग्राम पर अश्लील वीडियो पोस्ट करने वाले एक यूजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित नेशनल साइबर रिपोर्टिंग पोर्टल की साइबर टिप लाइन के माध्यम से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित की जा रही आपत्तिजनक एवं अश्लील सामग्री की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक चम्पावत रेखा यादव के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक ने जनपद के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को सोशल मीडिया पर अश्लीलता, भ्रामक सूचना और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में 3 जून को साइबर सेल टनकपुर के माध्यम से सूचना मिली कि एक व्यक्ति द्वारा मेटा प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अश्लील एवं आपत्तिजनक वीडियो साझा किए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली टनकपुर पुलिस हरकत में आई और संबंधित यूजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर अश्लील, आपत्तिजनक अथवा बाल यौन शोषण से संबंधित सामग्री पोस्ट करना या उसे साझा करना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों पर राष्ट्रीय स्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
चंपावत: सोशल मीडिया पर अश्लीलता फैलाने वालों पर पुलिस का शिकंजा, इंस्टाग्राम यूजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज।

