

तीन-चार दिन में हो रही पानी की आपूर्ति से परेशान हैं नगरवासी, तीन किमी बिछी पाइपलाइन; वन विभाग की एनओसी का इंतजार।
लोहाघाट। नगर में गहराते पेयजल संकट से जल्द निजात मिलने की उम्मीद है। तीन से चार दिन के अंतराल में हो रही पानी की आपूर्ति से परेशान लोहाघाट के लोगों को अब सरयू लिफ्ट पेयजल योजना का इंतजार है। 84.45 करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी योजना के पूरा होने पर नगर की पेयजल समस्या दूर होने की उम्मीद है। जल निगम ने वर्ष 2027 के अंत तक नगर में जलापूर्ति शुरू करने का लक्ष्य रखा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोहाघाट के लोगों, विशेषकर महिलाओं की पेयजल समस्या को देखते हुए इस योजना को मंजूरी दी थी। योजना के लिए 84.45 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें से 10.50 करोड़ रुपये जारी हो चुके हैं। नगर क्षेत्र में वितरण लाइन बिछाने का काम तेजी से चल रहा है। अब तक तीन किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है।
जल निगम के अधिशासी अभियंता अशोक स्वरूप ने बताया कि वितरण लाइन के लिए पाइपों की पूरी व्यवस्था कर ली गई है। चार किलोमीटर लंबी सप्लाई मेन लाइन के पाइप भी पहुंच चुके हैं। वन विभाग की आपत्तियों के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है। भारत सरकार से मांगी गई अतिरिक्त जानकारी उपलब्ध कराकर प्रस्ताव दोबारा भेज दिया गया है। उम्मीद है कि एक माह के भीतर आपत्ति दूर हो जाएगी और निर्माण कार्य में तेजी आएगी।
उन्होंने बताया कि सरयू नदी से करीब 1600 मीटर की ऊंचाई तक पानी पहुंचाने के लिए चार चरणों में पंपिंग की व्यवस्था की जाएगी। योजना के तहत 29 किलोमीटर वितरण लाइन, 16 किलोमीटर राइजिंग मेन और 5.30 किलोमीटर सप्लाई मेन लाइन बिछाई जानी है। मरोड़खान से लोहाघाट तक पानी पहुंचाया जाएगा।
इधर, जिलाधिकारी मनीष कुमार योजना की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उनका प्रयास है कि वन विभाग से एनओसी सहित अन्य बाधाएं जल्द दूर हों, ताकि निर्माण कार्य निर्धारित समय पर पूरा किया जा सके।
फोटो_ लोहाघाट में सरयू पेयजल योजना के तहत बिछाई जा रही पाइपलाइन।




