जंगलों में जड़ी-बूटियों का खजाना, फिर भी रोजगार के लिए पलायन को मजबूर पहाड़ का युवा।

Share This Post

लोक चिकित्सा की विरासत बचाने में जुटे विक्रम सिंह बिष्ट, सरकार से संरक्षण और प्रोत्साहन की दरकार।

चंपावत। उत्तराखंड के जंगलों में तिमूर, रीठा, बुरांश, जटामांसी, कुटकी और अतीस जैसी बेशकीमती औषधीय वनस्पतियां मौजूद हैं, लेकिन इनका उपयोग रोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से नहीं जुड़ पाया है। एक ओर युवा रोजगार के लिए पलायन कर रहे हैं, दूसरी ओर औषधीय संपदा उपेक्षा का शिकार है।

पारंपरिक जड़ी-बूटियों का ज्ञान भी धीरे-धीरे लुप्त हो रहा है। कभी गांवों के बुजुर्ग और लोक वैद्य वनौषधियों से विभिन्न बीमारियों का उपचार करते थे, लेकिन नई पीढ़ी तक यह ज्ञान नहीं पहुंच पा रहा है।

चंपावत के पाटी ब्लॉक निवासी आयुर्वेदिक विशेषज्ञ विक्रम सिंह बिष्ट वर्षों से इस परंपरा को जीवित रखने में जुटे हैं। वे प्रतिमाह करीब 50 से 60 मरीजों को उपचार संबंधी सेवाएं देते हैं। इनमें कई जरूरतमंदों का घर जाकर निःशुल्क उपचार भी शामिल है। हड्डियों, बुखार, खांसी और नसों से जुड़ी समस्याओं के पारंपरिक उपचार के साथ वे पशुओं का उपचार भी करते हैं। उनके पास दुर्लभ जड़ी-बूटियों का संग्रह भी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार को ऐसे पारंपरिक ज्ञान के जानकारों का दस्तावेजीकरण कर उन्हें शोध और प्रशिक्षण से जोड़ना चाहिए। साथ ही हर्बल नर्सरी, प्रसंस्करण इकाइयां और बाजार उपलब्ध कराकर किसानों व युवाओं को रोजगार से जोड़ने की पहल करनी चाहिए। जड़ी-बूटियों का वैज्ञानिक संरक्षण पहाड़ से पलायन रोकने और स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत करने का माध्यम बन सकता है।

फोटो_जड़ी-बूटियों से पारंपरिक विधि द्वारा मरीज के पैर का उपचार करते आयुर्वेदिक विशेषज्ञ विक्रम सिंह बिष्ट।


Share This Post