

लोहाघाट में भाजपा सह प्रभारी का स्वागत, कार्यकर्ताओं से घर-घर संवाद कर चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान।
लोहाघाट। भाजपा के कुमाऊं मंडल सह प्रभारी अरविंद मेनन के पहले कुमाऊं दौरे से पार्टी कार्यकर्ताओं में हलचल तेज हो गई है। लोहाघाट के समीप चिड़ियाढुंगा गांव में वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता सतीश चंद्र पाण्डेय के आवास पर उनका स्वागत किया गया। मेनन ने आगामी विधानसभा चुनाव को राष्ट्र के गौरव और स्वाभिमान से जोड़ते हुए कार्यकर्ताओं से जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया।
पत्रकारों से बातचीत में मेनन ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों ने पीढ़ियों से देश की सीमाओं की रक्षा की है। उन्होंने उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहे जाने संबंधी बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। मेनन ने आरोप लगाया कि जेन-ज़ी के नाम पर देश में अशांति फैलाने की कोशिशें हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में जनता को जागरूक होकर निर्णय लेना होगा। मेनन के मुताबिक, भाजपा की सत्ता में भागीदारी कार्यकर्ताओं को राष्ट्रसेवा का अवसर देती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों से संवाद करने और उनकी समस्याओं को समझने पर जोर दिया।
भावुक होकर बोले—कुमाऊं अब मेरा मायका_
चिड़ियाढुंगा में मेनन स्थानीय लोगों की सरलता, सात्विकता और राष्ट्रवादी सोच की प्रशंसा करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि कुमाऊं के लोगों ने उनका मन जीत लिया है और अब कुमाऊं उनका मायका है। उन्होंने घर-घर जाकर लोगों से संवाद करने की बात भी कही।
भाजपा ने आगामी चुनाव को देखते हुए गढ़वाल और कुमाऊं मंडलों में अलग-अलग सह प्रभारियों की जिम्मेदारी तय की है। गढ़वाल की जिम्मेदारी बांसुरी स्वराज और कुमाऊं की कमान अरविंद मेनन को सौंपी गई है। मेनन पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भी पार्टी की रणनीति में भूमिका निभा चुके हैं।
दौरे के दौरान प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और रणदीप पोखरिया भी उनके साथ रहे। पार्टी कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि भाजपा का 60 सीटों का लक्ष्य पार करने की दिशा में संगठन लगातार काम कर रहा है।
फोटो_ भाजपा प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन।




