

चंपावत। “स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026” के तहत बुधवार को ललुवापानी रोड स्थित आरआरआर (Reuse, Reduce, Recycle) सेंटर का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय ने किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका की पूरी टीम मौजूद रही। इस दौरान नगर क्षेत्र के दुकानदारों को डस्टबिन भी वितरित किए गए।
आरआरआर सेंटर के जरिए घरों में अनुपयोगी पड़ी, लेकिन दोबारा इस्तेमाल के योग्य वस्तुओं को कचरे में जाने से बचाकर जरूरतमंदों तक पहुंचाने की पहल की गई है। नगरवासी यहां कपड़े, जूते, पुस्तकें, खिलौने और अन्य उपयोगी सामान जमा कर सकेंगे। इससे उपयोगी वस्तुओं का पुनः इस्तेमाल होने के साथ नगर में कचरे की मात्रा कम करने में भी मदद मिलेगी।
अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय ने बताया कि आरआरआर सेंटर का उद्देश्य उपयोगी वस्तुओं को कचरे में जाने से बचाना और उन्हें जरूरतमंद लोगों तक सम्मानपूर्वक पहुंचाना है। उन्होंने नगरवासियों से इस पहल में सहयोग करने और घरों में अनुपयोगी पड़ी उपयोगी वस्तुओं को सेंटर तक पहुंचाने की अपील की।
ईओ भरत त्रिपाठी का कहना है कि एक परिवार के लिए अनुपयोगी वस्तु दूसरे परिवार के लिए जरूरत का सामान हो सकती है। आरआरआर सेंटर को जनभागीदारी से प्रभावी बनाने का प्रयास किया जाएगा। नगरवासियों के सहयोग से स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका की ओर से दुकानदारों को डस्टबिन वितरित कर कचरे के उचित निस्तारण और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया गया। नगर पालिका की पूरी टीम ने अभियान को सफल बनाने के लिए दुकानदारों और नगरवासियों से सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता जताते हुए “स्वच्छता ही सेवा” अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया। नगर पालिका ने नगरवासियों से स्वच्छ, सुंदर और कचरा-मुक्त चंपावत के निर्माण में सहयोग की अपील की।
फोटो_ आरआरआर सेंटर का शुभारंभ करतीं नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, साथ में नगर पालिका की पूरी टीम।





