धामी को चंपावत ने दिया ऐतिहासिक जनादेश, अब डीएम मनीष के सामने आदर्श जिला बनाने की चुनौती!

Share This Post

15-16 घंटे की मेहनत, आधी रात तक जनता की शिकायतों पर नजर; पलायन, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं पर एक साथ वार।

चंपावत। खटीमा में चुनावी शिकस्त के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के राजनीतिक सफर को चंपावत ने ऐसा मोड़ दिया, जिसने इतिहास रच दिया। करीब 94 प्रतिशत मतों का जनसमर्थन देकर चंपावत ने धामी को नई राजनीतिक ताकत दी। अब इसी धरती को आदर्श जिला बनाने का सपना प्रशासन के लिए सबसे बड़ी परीक्षा बन गया है। इस मुहिम की कमान जिलाधिकारी मनीष कुमार संभाले हुए हैं।

डीएम मनीष कुमार की कार्यशैली आम प्रशासनिक ढर्रे से अलग नजर आती है। 15-16 घंटे काम, रात एक बजे तक व्हाट्सएप पर शिकायतों की निगरानी और दूरस्थ गांवों के लोगों की समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई की कोशिश ने उन्हें जनता के बीच अलग पहचान दी है। बुजुर्ग शिक्षक मोती सिंह मेहता उनकी तुलना वर्ष 1985 में पिथौरागढ़ के तत्कालीन जिलाधिकारी विजेंद्र पाल से करते हैं। आपदा और दुर्घटनाओं में त्वरित राहत तथा गंभीर घायलों के लिए हेलीकॉप्टर की व्यवस्था प्रशासन की सक्रियता को दर्शाती है।

प्रशासन की मुहिम केवल शिकायतें सुनने तक सीमित नहीं है। पलायन रोकने के लिए हर सप्ताह चार लोगों को गांव वापस लाने का लक्ष्य रखा गया है। किसानों को जंगली जानवरों से राहत देने के लिए घेरबाड़, स्थानीय बीज उत्पादन और फलदार पौधों को बढ़ावा दिया जा रहा है। लाल चावल, मंडुवा, गहत, अदरक, हल्दी और शहद जैसे स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने तथा महिलाओं के ऐंपण उत्पादों को देश-विदेश तक पहुंचाने की पहल भी जारी है।

सप्तकोशी परिक्रमा और मां पूर्णागिरि में वर्षभर मेले की योजना से धार्मिक पर्यटन को नई पहचान देने की तैयारी है। महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, विज्ञान भवन और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार भी विकास की इसी तस्वीर का हिस्सा हैं।


फोटो_ मुख्यमंत्री के आदर्श चंपावत के सपने को धरा
तल पर उतारने में जुटे जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post