

मडलक, मझपीपल और बगोली से निकली भव्य रथ यात्राएं, देवी मैत बूंगा में निभाई गई सदियों पुरानी परंपरा।
डीएम मनीष कुमार ने किया मेले का शुभारंभ, प्रवासियों से गांव लौटकर पुश्तैनी खेत आबाद करने की अपील।
लोहाघाट। नेपाल सीमा से लगे मडलक गांव में भैया दूज पर ऐतिहासिक बगवाली मेले में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। मडलक, मझपीपल, बगोली और देवी मैत बूंगा से निकली देवी रथ यात्राओं में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। मां भगवती के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं में देवी रथों को कंधा देने के लिए उत्साह दिखाई दिया।
सैलला गांव से देवी रथ के मंदिर पहुंचने के बाद मडलक और बगोली से भी रथ यात्राएं निकाली गईं। मझपीपल में रथों के एकत्र होने के बाद सभी रथ मडलक के भगवती मंदिर पहुंचे। महिलाओं ने पारंपरिक लोकगीतों के साथ मां भगवती की आराधना की। मंदिर की परिक्रमा के बाद तीनों रथ देवी मैत बूंगा पहुंचे।
मान्यता है कि मां भगवती सदियों से भैया दूज के दिन अपने भाई का पूजन करने यहां आती हैं। इसी परंपरा के चलते इस स्थान को देवी मैत यानी देवी का मायका कहा जाता है। पूजा-अर्चना के बाद रथ वापस मंदिर पहुंचे, जहां देव डांगरों ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। यहां देवी रथ को कंधा देना सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है।
इससे पूर्व जिलाधिकारी मनीष कुमार ने मेले का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि पारंपरिक मेले हमारी संस्कृति, प्रकृति और पूर्वजों की विरासत को जीवित रखने का माध्यम हैं। उन्होंने प्रवासियों से गांव लौटकर पुश्तैनी खेतों को फिर से आबाद करने की अपील करते हुए कहा कि गांवों की खुशहाली के लिए लोगों की भागीदारी जरूरी है। जिला प्रशासन इस दिशा में हरसंभव सहयोग करेगा।
इस दौरान मेला आयोजन समिति अध्यक्ष आनंद जोशी, ग्राम प्रधान महेश जोशी, डॉ. सतीश चंद्र पांडे, दयाकृष्ण उपाध्याय, भुवन भट्ट, वासुदेव उपाध्याय, पूरन भट्ट सहित अन्य लोगों ने डीएम, आईपीएस आशीष पंत और जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी का स्वागत किया। स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। महोत्सव में रंगारंग कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिन्हें देखने नेपाल से भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
फोटो_मडलक में बगवाली मेले के दौरान देवी रथ यात्रा में उमड़े श्रद्धालु।




