चंपावत: पऊं पंपिंग योजना से आठ गांवों में पेयजल संकट दूर, 30 साल की जरूरत के लिए नई योजना तैयार।

Share This Post

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कम प्रेशर की शिकायत पर बढ़ाया पंपिंग समय, आपात स्थिति से निपटने को नौ हैंडपंप चालू

लोहाघाट। पऊं पंपिंग पेयजल योजना से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों में कम प्रेशर की समस्या दूर करने के लिए जल संस्थान ने पंपिंग का समय बढ़ा दिया है। विभाग का दावा है कि सभी पेयजल टंकियों को पर्याप्त पानी से भरने के बाद बुधवार से पूरे क्षेत्र में नियमित आपूर्ति बहाल कर दी गई है।

जल संस्थान के सहायक अभियंता पवन बिष्ट ने बताया कि योजना से पऊं, सालथा, कालाकोट, छमनियां, गलचौड़ा, डूंगरी, चौबेगांव और चमनपुर क्षेत्र को पेयजल उपलब्ध कराया जाता है। मल्ली पऊ सहित ऊंचाई वाले इलाकों में कम प्रेशर की शिकायत मिलने पर विभाग ने तत्काल व्यवस्था में सुधार किया।

आपात स्थिति में पेयजल की किल्लत न हो, इसके लिए क्षेत्र में नौ हैंडपंप भी क्रियाशील रखे गए हैं। इनमें छमनियां, गलचौड़ा, डूंगरी और चौबेगांव में दो-दो तथा पऊं मोष्टा मंदिर के समीप एक हैंडपंप शामिल है।

क्षेत्र की बढ़ती आबादी और पेयजल मांग को देखते हुए जल संस्थान ने घाघल के गधेरे से नई पऊं पंपिंग योजना की डीपीआर तैयार कर शासन को भेज दी है। आगामी 30 वर्षों की जरूरत को ध्यान में रखकर बनाई गई इस योजना की डीएफसी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। विभाग को जल्द शासनादेश जारी होने की उम्मीद है।

नई योजना धरातल पर उतरने से ग्रामीणों के साथ क्षेत्र के विभिन्न संस्थानों को भी पेयजल की स्थायी सुविधा मिलने की उम्मीद है। जल संस्थान ने उपभोक्ताओं से पेयजल संबंधी शिकायतों के लिए विभागीय अभियंताओं से संपर्क करने की अपील की है।

फोटो_पेयजल योजना की जानकारी देते जल संस्थान के सहायक अभियंता पवन बिष्ट।


Share This Post