मानदेय पर सरकार की चुप्पी के खिलाफ भड़कीं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, जिलेभर में अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू

Share This Post

600 रुपये प्रतिदिन मानदेय की मांग, तीन नवंबर से कार्य बहिष्कार; लोहाघाट में धरना स्थल को लेकर भी प्रशासन से सवाल

चंपावत। मानदेय वृद्धि की मांग पर वर्षों से इंतजार कर रहीं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। सरकारी आश्वासनों से निराश कार्यकत्रियों ने शुक्रवार से जिले के सभी विकासखंडों में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। तीन नवंबर से कार्य बहिष्कार कर रहीं कार्यकत्रियों ने साफ कहा कि मांगों पर ठोस फैसला होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

लोहाघाट में ब्लॉक अध्यक्ष कविता पंत के नेतृत्व में कार्यकत्रियों ने रैन बसेरे में धरना देकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उनका कहना है कि विभागीय जिम्मेदारियों के अलावा दूसरे विभागों के काम भी उनसे कराए जाते हैं, लेकिन मानदेय बढ़ाने की मांग लगातार अनसुनी की जा रही है। अप्रैल में करीब एक महीने तक आंदोलन के बाद भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।

बाइट_ब्लॉक अध्यक्ष कविता पंत।



मांग जायज तो धरने के लिए जगह क्यों नहीं?

लोहाघाट में धरना स्थल को लेकर भी असमंजस बना हुआ है। एसडीएम कोर्ट परिसर से हटाए जाने के बाद कार्यकत्रियों ने रैन बसेरे में धरना शुरू किया, लेकिन यहां से भी हटने के लिए कहे जाने की बात सामने आई है। कविता पंत ने सवाल उठाया कि शांतिपूर्ण आंदोलन के लिए आखिर उन्हें जगह कहां मिलेगी? उन्होंने प्रशासन से उचित धरना स्थल उपलब्ध कराने की मांग की।

कार्यकत्रियों की प्रमुख मांग प्रतिदिन 600 रुपये मानदेय दिए जाने की है। कार्य बहिष्कार के चलते जिलेभर के आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताले लटके हैं और उनसे जुड़ी सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। कार्यकत्रियों ने दो टूक कहा कि अब आश्वासन नहीं, मांगों पर निर्णय चाहिए। वहीं, सरकार के सामने आंदोलन समाप्त कराने और आंगनबाड़ी सेवाएं बहाल करने की चुनौती खड़ी हो गई है।

फोटो_मानदेय वृद्धि की मांग को लेकर आंदोलन करतीं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां।


Share This Post