20 साइबर कमांडो रखेंगे सोशल मीडिया पर नजर, हरिद्वार पुलिस ने सुरक्षा के किए पुख्ता इंतजाम।
हरिद्वार। कांवड़ यात्रा-2026 के शुभारंभ के साथ ही हरिद्वार पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। 30 जुलाई से 11 अगस्त तक चलने वाली इस यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है।
यात्रा के दौरान करीब छह हजार पुलिसकर्मियों के अलावा पीएसी की 10 कंपनियां, सीआरपीएफ की 13 कंपनियां, जल पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमों को तैनात किया गया है। इसके साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग स्थलों, प्रमुख घाटों और मंदिरों में भी विशेष प्रबंध किए गए हैं।
हरिद्वार पुलिस पड़ोसी जिलों सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली की पुलिस के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है, ताकि यात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
एसपी सिटी अभय कुमार सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में 379 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों के माध्यम से कंट्रोल रूम से चौबीसों घंटे निगरानी की जाएगी। वहीं, सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक सामग्री फैलाने वालों पर नजर रखने के लिए 20 साइबर कमांडो तैनात किए गए हैं।
इसके अलावा भीड़भाड़ वाले इलाकों में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 36 स्थानों पर फायर यूनिट की तैनाती की गई है। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि देशभर से आने वाले शिवभक्तों को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण मिल सके।
हरिद्वार पुलिस का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, सतर्कता और समन्वय के जरिए श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि उनकी यात्रा यादगार और सुखद बन सके।
फोटो_ कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों के बीच सुरक्षा व्यवस्था संभालते देश के जवान।
हरिद्वार: कांवड़ यात्रा का महाकवच तैयार, 6 हजार जवानों के साथ 379 सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी।
