वर्षों से जारी आतंक के बीच फिर हमला, बछड़े को बनाया निवाला; ग्रामीण बोले– चेतावनी के बाद भी नहीं जागा वन विभाग
लोहाघाट। जनपद के रायनगर चौड़ी क्षेत्र में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। अब स्थिति इतनी भयावह हो चुकी है कि गुलदार गांव की आबादी तक पहुंच गया है। गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे में गुलदार की गतिविधियां कैद होने के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि शाम ढलते ही लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं और महिलाएं, बच्चे व बुजुर्ग बाहर निकलने से डर रहे हैं।
रायनगर चौड़ी क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से गुलदार का आतंक बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार कई बार वन विभाग और एसडीओ कार्यालय से पिंजरा लगाने तथा ट्रैप कैमरे स्थापित करने की मांग की गई, लेकिन विभागीय स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि अधिकारियों की लापरवाही के चलते अब गुलदार का खतरा सीधे आबादी तक पहुंच चुका है।
बीती रात गुलदार गांव में घुस आया और एक बछड़े को अपना शिकार बना लिया। घटना के बाद पशुपालकों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में किसी बड़ी जनहानि से भी इनकार नहीं किया जा सकता। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी गुलदार एक पालतू गाय को मार चुका है, लेकिन इसके बावजूद वन विभाग ने कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला। घटना के बाद ग्राम प्रधान जानकी राय और पूर्व ग्राम प्रधान जितेन्द्र राय ने उप प्रभागीय वनाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में तत्काल पिंजरा और ट्रैप कैमरे लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीण भयभीत हैं और अब विभाग को केवल आश्वासन नहीं बल्कि जमीन पर कार्रवाई करनी होगी। वहीं उप प्रभागीय वनाधिकारी नेहा सौन ने बताया कि पिंजरा लगाने के संबंध में उच्चाधिकारियों से वार्ता की जा रही है। उन्होंने कहा कि वन कर्मियों द्वारा क्षेत्र में लगातार गश्त शुरू कर दी गई है। साथ ही ग्रामीणों को जागरूक और सतर्क रहने के लिए भी अपील की जा रही है। विभाग की ओर से ट्रैप कैमरे लगाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है ताकि गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
फोटो रायनगर चौड़ी के आबादी क्षेत्र में घूमता गुलदार सीसीटीवी कैमरे में कैद।
चंपावत: आबादी में घुसा गुलदार, CCTV में कैद हुई दहशत; रायनगर चौड़ी में ग्रामीणों में खौफ।

