सीएम धामी के विजन को मिलेगा पंख, डोम हट्स और आधुनिक सुविधाओं से सजेगा ऐतिहासिक एबट माउंट रोजगार के भी खुलेंगे नए रास्ते।
चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दूरदर्शी नेतृत्व में जनपद चम्पावत में पर्यटन विकास को नई गति मिलने जा रही है। ऐतिहासिक एबट माउंट को एक प्रमुख इको-टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। मुख्यमंत्री के निर्देशों और जिलाधिकारी मनीष कुमार के मार्गदर्शन में इस महत्वाकांक्षी योजना को आगे बढ़ाया जा रहा है।
इसी क्रम में करीब ₹428.57 लाख की लागत से विस्तृत परियोजना प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इस योजना के क्रियान्वयन के लिए कुमाऊं मंडल विकास निगम को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है।
समुद्र तल से लगभग 6,400 फीट की ऊंचाई पर स्थित एबट माउंट अपनी प्राकृतिक खूबसूरती, शांत वातावरण और ऐतिहासिक विरासत के लिए लंबे समय से प्रसिद्ध रहा है। अब इसे पर्यावरण संतुलन को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से लैस एक आकर्षक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि यह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बना सके।
परियोजना की जानकारी देते हुए KMVN के अभियंता संजय जोशी ने बताया कि यहां पर्यावरण अनुकूल ‘डोम हट्स’ बनाए जाएंगे। कुल 6 डोम हट्स तीन ऊंचे प्लेटफॉर्म पर स्थापित किए जाएंगे, जिनमें लकड़ी की डेक फ्लोरिंग होगी। इन हट्स को हर मौसम के अनुरूप डिजाइन किया जाएगा और बड़ी खिड़कियों से पर्यटक हिमालयी वादियों का मनमोहक दृश्य देख सकेंगे।
इसके अलावा योजना के तहत सुरक्षित पैदल मार्ग, सीढ़ियां, व्यूइंग एरिया, बैठने की व्यवस्था, टिकट काउंटर, पार्किंग, खेल मैदान और खान-पान के लिए ईटरी जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। एबट माउंट की ऐतिहासिक धरोहर ब्रिटिशकालीन कॉटेज, चर्च और मॉरिस अस्पताल को संरक्षित रखते हुए पर्यटन से जोड़ा जाएगा।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि इस परियोजना से न केवल संतुलित और सतत पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। प्रशासन इस योजना को पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है। यह पहल ‘आदर्श चम्पावत’ के विजन को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी, जिससे जनपद चम्पावत की पहचान एक प्रमुख इको-टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में और मजबूत होगी।
फोटो – एबट माउंट का मनोरम दृश्य, जहां विकसित होगा प्रस्तावित इको-टूरिज्म हब।
चंपावत: एबट माउंट बनेगा उत्तराखंड का नया इको-टूरिज्म हब: ₹428.57 लाख की योजना को मिली रफ्तार।
