चंपावत और टनकपुर में भाजपा का कांग्रेस पर बड़ा हमला, फूंके पुतले।

Share This Post

“बहन-बेटियों को आगे कर घिनौनी राजनीति कर रही कांग्रेस”।

चंपावत/टनकपुर। जिले में कथित नाबालिग गैंगरेप प्रकरण को लेकर सियासत तेज हो गई है। मामले को “षड्यंत्र” बताए जाने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा शनिवार को सड़कों पर फूट पड़ा। भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने चंपावत मोटर स्टेशन और टनकपुर के तुलसीराम चौराहे पर कांग्रेस का पुतला दहन कर जोरदार प्रदर्शन किया।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश की कांग्रेस पार्टी ने भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री को बदनाम करने की नीयत से इस पूरे मामले को राजनीतिक रंग दिया तथा जनता को गुमराह करने का प्रयास किया। उन्होंने कांग्रेस से सार्वजनिक माफी की मांग भी की।
चंपावत में भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि इस पूरे प्रकरण ने कांग्रेस की मानसिकता और राजनीतिक सोच को उजागर कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब बहन-बेटियों और बच्चों को आगे कर राजनीति करने से भी पीछे नहीं हट रही है।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि जनता अब कांग्रेस की “साजिश की राजनीति” को समझ चुकी है और आगामी विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देगी। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि राज्य की जनता मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार के साथ मजबूती से खड़ी है।
प्रदर्शन में दर्जा राज्यमंत्री श्याम नारायण पांडेय, मुकेश महराना, सभासद प्रेमा चिलकोटी, मणिप्रभा तिवारी, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, कैलाश अधिकारी, मुकेश कलखुड़िया, सुनील पुनेठा, प्रकाश बिनवाल, अन्नू अधिकारी, विकास साह, बलवंत गिरी और भुवन भट्ट सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं टनकपुर के तुलसीराम चौराहे पर मंडल अध्यक्ष तुलसी कुंवर के नेतृत्व में कांग्रेस का पुतला दहन किया गया। इस दौरान हरीश हैसियत, बबीता गोस्वामी, पार्वती देवी, हरीश कलौनी, भुवन चंद्र कापड़ी, कोमल गिरी, सौरभ गुप्ता, अनीता यादव, कुमुद जोशी, जगत सिंह सामंत, शैलेंद्र सिंह, विनोद गड़कोटी, मधु सक्सेना, राहुल भट्ट, बबीता बोरा, संगीता देवी, मंजू बोरा, सुमन कश्यप और शशांक गोयल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


फोटो – चंपावत मोटर स्टेशन पर कांग्रेस का पुतला दहन कर प्रदर्शन करते भाजपा कार्यकर्ता।


Share This Post