चंपावत का लाल NDA में चमका, आयुष्मान ने 22वीं रैंक से रचा इतिहास।

Share This Post

चंपावत। जनपद चंपावत के लिए यह एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण है। अपर उपनिरीक्षक सागर सिंह बिष्ट के सुपुत्र आयुष्मान ने देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षाओं में शुमार राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) में 22वीं रैंक हासिल कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे चंपावत और पुलिस विभाग का नाम रोशन कर दिया है। आयुष्मान की यह उपलब्धि यूं ही नहीं मिली—इसके पीछे वर्षों की कठोर मेहनत, अटूट अनुशासन और देशसेवा का जज्बा छिपा है। सीमित संसाधनों में भी बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का जज्बा ही उनकी सफलता की असली कहानी है।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने आयुष्मान की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि “यह सफलता पूरे जनपद के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। आयुष्मान ने यह साबित कर दिया है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती।”
उन्होंने आयुष्मान एवं उनके पिता सागर सिंह बिष्ट को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पुलिस परिवार में भी इस उपलब्धि को लेकर उत्साह का माहौल है और सभी ने इसे अपने परिवार की उपलब्धि बताया।


Share This Post