चंपावत: गोरलचौड़ में गरजी सेना की ताकत, आधुनिक हथियारों को देख रोमांचित हुए 956 छात्र।

Share This Post

‘नो योर आर्मी’ कार्यक्रम में युवाओं ने जाना देश सेवा का रास्ता, अग्निवीर से एनडीए तक मिली पूरी जानकारी

चंपावत, 09जून। भारतीय सेना की ओर से गोरलचौड़ मैदान में आयोजित ‘नो योर आर्मी’ कार्यक्रम के तहत मंगलवार को भव्य वेपन एवं इक्विपमेंट डिस्प्ले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के 13 स्कूलों और कॉलेजों के 956 छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर सेना के आधुनिक हथियारों और सैन्य उपकरणों को करीब से देखा।
प्रदर्शनी में अत्याधुनिक स्मॉल आर्म्स, आर्टिलरी गन, भारी तोपों और इलेक्ट्रॉनिक निगरानी प्रणालियों का प्रदर्शन किया गया। छात्रों और एनसीसी कैडेटों को हथियारों को नजदीक से देखने और उनकी कार्यप्रणाली समझने का अवसर मिला, जिससे उनमें खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान सेना के अधिकारियों ने युवाओं को अग्निवीर योजना, राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) और कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज (सीडीएस) के माध्यम से भारतीय सेना में भर्ती की प्रक्रिया और आवश्यक योग्यताओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते हुए सेना के अनुशासन और गौरवशाली परंपरा से भी परिचित कराया।
भारतीय सेना की यह पहल युवाओं में देशभक्ति की भावना मजबूत करने और नागरिक-सैन्य संबंधों को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सीमांत क्षेत्र के विद्यार्थियों ने आधुनिक सैन्य तकनीक और सेना की कार्यप्रणाली को करीब से जानकर उत्साह व्यक्त किया।
कार्यक्रम में सेना के अधिकारी, शिक्षकगण, एनसीसी कैडेट सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

फोटो_ गोरलचौड़ में ‘नो योर आर्मी’ कार्यक्रम के दौरान आधुनिक हथियारों का अवलोकन करते छात्र-छात्राएं और जानकारी देते सेना के अधिकारी।


Share This Post