चंपावत: जनता मिलन में 208 फरियादें, अधिकांश का मौके पर समाधान।

Share This Post

डीएम मनीष कुमार ने सुनीं समस्याएं, अधिकारियों को दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश।

चंपावत। कलक्ट्रेट सभागार में सोमवार को आयोजित जनता मिलन में जिलेभर से पहुंचे लोगों ने 208 आवेदन और शिकायतें जिलाधिकारी मनीष कुमार के सामने रखीं। सड़क, पेयजल, बिजली, सोलर लाइट, आवास, तारबाड़, सुरक्षा दीवार और आपदा से जुड़े मामलों पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिकांश मामलों में मौके पर ही कार्रवाई हुई।

किमवाड़ी निवासी जशोधर पचौली ने तालाब का काम पूरा होने के बावजूद भुगतान नहीं होने की शिकायत की। डीएम के निर्देश पर जिला मत्स्य प्रभारी त्रिभुवन मौर्य ने मौके पर कार्रवाई कर प्रकरण का निस्तारण किया। सैदोला बोरा की बसंती देवी ने आवास और आयुष्मान कार्ड की मांग रखी।
भगाना-भंडारी के ग्रामीणों ने नारियलगांव बाजार में पांच सोलर लाइट लगाने, जबकि दियूरी के चौड़ा तोक निवासी हिमांशु जोशी ने फसलों की सुरक्षा के लिए तारबाड़ और सोलर लाइट की मांग की। रमैला के ग्राम प्रधान नीरज बोहरा ने आपदा से क्षतिग्रस्त आंगनवाड़ी केंद्र और विद्यालय की पाइपलाइन, शौचालय व सुरक्षा दीवार की मरम्मत का मामला उठाया।

जनता मिलन में जन्म प्रमाण पत्र में संशोधन, पेयजल, किसान सम्मान निधि और अन्य समस्याएं भी सामने आईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतें फाइलों में लंबित न रहें और कार्रवाई का असर धरातल पर दिखाई दे। तत्काल समाधान वाले मामलों में देरी न हो तथा अन्य प्रकरणों का निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

फोटो_जनता मिलन में फरियादियों की समस्याएं सुनते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post