

हृदय, किडनी और न्यूरो समेत कई रोगों का मिलेगा परामर्श, बीपी-शुगर जांच व दवाएं भी मुफ्त
चंपावत। टनकपुर में 17 और 18 अक्टूबर को मुख्यमंत्री निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक आयोजित शिविर में बरेली के श्री राममूर्ति स्मारक अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों को परामर्श देंगे। शिविर में विभिन्न गंभीर बीमारियों की जांच और उपचार संबंधी सलाह निःशुल्क मिलेगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि शिविर में हृदय रोग, किडनी, न्यूरोलॉजी, हड्डी एवं जोड़ रोग, स्त्री रोग, त्वचा रोग और मानसिक रोग के विशेषज्ञ चिकित्सक सेवाएं देंगे। मरीजों को बीपी, ब्लड शुगर और ईसीजी की निःशुल्क जांच के साथ जरूरत के अनुसार मुफ्त दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
शिविर का उद्देश्य दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को घर के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। प्रशासन ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर लाभ उठाने की अपील की है। मरीजों को पुरानी चिकित्सीय पर्चियां और जांच रिपोर्ट साथ लाने की सलाह दी गई है।
शिविर से संबंधित जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 7983069823 पर संपर्क किया जा सकता है।




