‘ड्रग्स फ्री उत्तराखंड’ अभियान के तहत चंपावत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दोनों आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज।
चंपावत/टनकपुर, 9 जून। चंपावत पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 8.78 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक चेतन रावत के नेतृत्व में कोतवाली टनकपुर पुलिस ने पूर्णागिरि विहार क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान राजन सक्सेना (19) के कब्जे से 4.53 ग्राम तथा यश गुप्ता (21) के कब्जे से 4.25 ग्राम स्मैक बरामद हुई। कुल 8.78 ग्राम अवैध स्मैक बरामद कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। राजन सक्सेना के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट का एक मामला दर्ज है, जबकि यश गुप्ता के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित लूट के मामलों में भी मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अकरम अहमद, हेड कांस्टेबल कमल कुमार और कांस्टेबल अनिल गुप्ता शामिल रहे।
चंपावत पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे की तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल 1933, 112 या निकटतम थाना-चौकी को दें, ताकि उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के अभियान को जनसहयोग मिल सके।
फोटो_8.78 ग्राम स्मैक के साथ दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में।
चंपावत: टनकपुर में नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, 8.78 ग्राम स्मैक के साथ दो गिरफ्तार।

