30 जून तक ऑनलाइन कर सकेंगे आवेदन, ऑफलाइन आवेदन नहीं होंगे स्वीकार।
चंपावत। राज्य स्तरीय तीलू रौतेली पुरस्कार एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पुरस्कार वर्ष 2025-26 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग ने पात्र एवं इच्छुक महिलाओं तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी पी.सी. बृजवाल ने बताया कि इस वर्ष पुरस्कारों के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। इच्छुक आवेदक विभागीय पोर्टल पर जाकर अपना पंजीकरण एवं आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 5 जून 2026 से प्रारंभ हो चुकी है, जबकि आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 जून 2026 निर्धारित की गई है। सभी पात्र आवेदकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार के ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। डाक, कूरियर अथवा व्यक्तिगत रूप से कार्यालय में जमा किए गए आवेदन पत्रों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने पात्र महिलाओं एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते विभागीय पोर्टल पर आवेदन कर पुरस्कार के लिए अपनी दावेदारी सुनिश्चित करें।

