चंपावत: दीपावली पर भी गुलदार के खौफ में सुई गांव, दिन के उजाले में भी घरों से निकलने से डर रहे लोग!

Share This Post

तीसरे दिन भी खाली रहा वन विभाग का पिंजरा, 13 वर्षीय किशोर की मौत के बाद गांव में दहशत, त्योहार की खुशियों पर भारी पड़ा खौफ।

लोहाघाट। दीपावली के त्योहार पर जहां पूरा क्षेत्र दीपों की रोशनी और खुशियों में सराबोर है, वहीं नगर के समीप सुई गांव के लोग गुलदार के खौफ के साये में जीने को मजबूर हैं। 13 वर्षीय किशोर को निवाला बनाने वाले नरभक्षी गुलदार की दहशत का आलम यह है कि गांव में दिन के उजाले में भी लोग घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। दीपावली के मौके पर भी गांव की रौनक फीकी पड़ गई है और लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।

गुलदार को पकड़ने के लिए वन विभाग की ओर से लगाए गए पिंजरे तीसरे दिन भी खाली रहे। ट्रैप कैमरों और ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है, लेकिन अब तक गुलदार की गतिविधियों का कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। वन विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही हैं। इसके बावजूद गुलदार के पकड़ में नहीं आने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ती जा रही है।

गांव में हालात ऐसे हैं कि लोग जरूरी कामों के लिए भी अकेले बाहर निकलने से बच रहे हैं। बच्चों को घरों से बाहर भेजने में अभिभावक डर रहे हैं। शाम ढलते ही लोग घरों में कैद हो जा रहे हैं। दीपावली पर घरों में पूजा और रोशनी के बीच भी लोगों के मन में गुलदार का डर बना हुआ है।
इधर, वन विभाग की ओर से प्रभावित क्षेत्र में निगरानी और गश्त तेज की गई है। डीएफओ धिनू पुरुषोत्तमन स्वयं टीम के साथ मौके पर डटे हुए हैं। जिलाधिकारी मनीष कुमार भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। संवेदनशील स्थानों पर सोलर लाइट लगाने की जरूरत भी उठाई गई है, ताकि अंधेरे वाले क्षेत्रों में रोशनी की व्यवस्था हो सके।

ग्रामीणों का कहना है कि जब तक नरभक्षी गुलदार को पकड़ा नहीं जाता, तब तक क्षेत्र में सामान्य स्थिति बहाल होना मुश्किल है। लोगों ने वन विभाग से अभियान में तेजी लाने और गुलदार को जल्द पकड़ने की मांग की है। फिलहाल दीपावली के त्योहार पर भी सुई गांव के लोगों की खुशियों पर गुलदार का खौफ भारी पड़ रहा है।

फोटो_सुई गांव में नरभक्षी गुलदार को पकड़ने के लिए वन विभाग की ओर से लगाया गया पिंजरा तीसरे दिन भी रहा खाली।


Share This Post