चंपावत: नौवें दिन जनशक्ति के आगे झुका प्रशासन, सेनानियों के सम्मान की जंग में बड़ी जीत।

Share This Post

जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी ने तत्काल ₹10 लाख देने की घोषणा, आश्वासन के बाद आंदोलन स्थगित।

चंपावत। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की जन्मस्थली के सम्मान, संरक्षण और विकास की मांग को लेकर नौ दिनों से चल रहा धरना-प्रदर्शन शनिवार को स्थगित कर दिया गया। धरना स्थल पर सतीश पांडे, मोहित पाठक, दर्जा पर्यटन मंत्री सुभाष बगौली और जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी के पहुंचने तथा जिलाधिकारी की ओर से मिले आश्वासन के बाद आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया गया।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी ने अपने वित्तीय मद से ₹10 लाख की तत्काल धनराशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर आगे भी हरसंभव सहयोग किया जाएगा। इस घोषणा को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की जन्मस्थली के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
आंदोलनकारियों ने कहा कि यह संघर्ष किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान और क्षेत्र की जनभावनाओं से जुड़ा विषय था। नौ दिनों तक चले आंदोलन में क्षेत्रवासियों, मातृशक्ति, युवाओं और बुजुर्गों ने एकजुट होकर अपना समर्थन दिया।
आंदोलन को समर्थन देने वाले यूकेडी नेता दरवान रजवार, राजू पुनेठा, प्रहलाद मेहता समेत सभी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों का आभार जताया गया। आंदोलनकारियों ने कहा कि जनता की एकजुटता के कारण ही प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सकारात्मक आश्वासन मिल सका।
उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की ओर से दिए गए आश्वासनों पर शीघ्र कार्रवाई होगी और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की जन्मस्थली को उसका उचित सम्मान और समुचित विकास मिलेगा। साथ ही स्पष्ट किया कि आंदोलन स्थगित किया गया है, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान और जन्मस्थली के विकास का संकल्प नहीं।


Share This Post