चंपावत: पाटी तहसील दिवस में जनसमस्याओं की सुनवाई, 63 मामलों के समाधान के दिए निर्देश।

Share This Post

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने तय की जवाबदेही, विकास कार्यों में तेजी लाने पर जोर।

लोहाघाट। विकासखंड सभागार पाटी में मंगलवार को आयोजित तहसील दिवस में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान कुल 63 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनके त्वरित और प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को मौके पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। तहसील दिवस में बिजली, पेयजल, सड़क, सुरक्षा दीवार, घेर-बाड़, गौशाला निर्माण, आवास आवंटन और चिकित्सा सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। जिलाधिकारी ने सभी प्रकरणों में जवाबदेही तय करते हुए अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा छिनकाछिड़ा–रोलमेल मोटर मार्ग पर भूस्खलन की समस्या को लेकर सुरक्षा दीवार और मार्ग सुधार की मांग पर लोक निर्माण विभाग को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए गए। वहीं, पुनौली गांव में गधेरे से मकानों को खतरे की शिकायत पर राजस्व, सिंचाई और अन्य विभागों को संयुक्त सर्वे कर प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। बालातड़ी और कंवाड क्षेत्र में सड़क और लिंक मार्ग निर्माण की मांग पर संबंधित विभागों को स्वीकृतियां लेकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। भिंगराकोट निवासी सुनीता देवी के आवास प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई कर भवन आवंटन सुनिश्चित करने को कहा गया।
गौशाला निर्माण और लंबित भुगतान के मामलों में अधिकारियों को शीघ्र भुगतान और नई स्वीकृतियों की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए। पेयजल समस्याओं पर जल संस्थान और जल निगम को आपूर्ति बहाल करने, जबकि विद्युत संबंधी शिकायतों पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ढरौंज गांव में सोलर प्लांट से रास्ता अवरुद्ध होने की शिकायत पर तहसीलदार और संबंधित विभागों को मौके पर जाकर समाधान करने को कहा गया। मुलाकोट और कंवाड क्षेत्र में स्कूल सुरक्षा दीवार और एएनएम सेंटर में पेयजल व्यवस्था के लिए भी निर्देश जारी किए गए।
मुलाकोट को “बकरी विलेज” के रूप में विकसित करने के प्रस्ताव पर पशुपालन विभाग को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया। वहीं, फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए सोलर और चेन फेंसिंग की मांग पर विभागों को संयुक्त योजना बनाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि तहसील दिवस में प्राप्त हर शिकायत का निस्तारण पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने की हिदायत दी। इस अवसर पर विधायक लोहाघाट खुशाल सिंह अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख पाटी शंकर सिंह अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, उपजिलाधिकारी नीतू डांगर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

फोटो – तहसील दिवस में दूर दराज से आए फरियादयों की समस्याए सुनते जिलाधिकारी


Share This Post