चंपावत: पीआरडी जवानों के कार्य बहिष्कार से चरमराई विभागीय व्यवस्था।

Share This Post

दो सूत्री मांगों को लेकर 329 जवानों का आंदोलन शुरू, 48 महिलाएं भी शामिल।

चंपावत। समान कार्य के लिए समान वेतन और वर्षभर नियमित ड्यूटी की मांग को लेकर आंदोलनरत प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों ने बुधवार से सामूहिक कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया। 48 महिलाओं समेत जिले के 329 पीआरडी जवानों के कार्य बहिष्कार से विभिन्न विभागों की व्यवस्थाएं चरमराने लगी हैं। जवानों ने तीन दिवसीय कार्य बहिष्कार का अल्टीमेटम देने के बाद जिला युवा कल्याण अधिकारी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन कर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।

पीआरडी जवान लंबे समय से अपनी दो सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। जवानों का कहना है कि समान कार्य करने के बावजूद उन्हें नियमित कर्मचारियों के समान वेतन और सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। वर्षभर नियमित ड्यूटी की व्यवस्था नहीं होने से उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

पीआरडी जवान हित संगठन के अध्यक्ष भैरव जोशी ने कहा कि जवान शौकिया तौर पर आंदोलन नहीं कर रहे हैं, बल्कि अपनी मजबूरियों के चलते आंदोलन का रास्ता अपनाने को विवश हुए हैं। उन्होंने कहा कि महज 650 रुपये प्रतिदिन के मानदेय पर परिवार का भरण-पोषण करना बेहद मुश्किल हो रहा है। जवानों को पूरे वर्ष नियमित ड्यूटी दिए जाने के साथ समान कार्य के लिए समान वेतन की व्यवस्था लागू की जानी चाहिए।

धरना स्थल पर विनोद सिंह, जीवन कापड़ी, अनीता महर, सुनीता मेहता और दीपक मेहता ने भी विचार रखते हुए मांगों के समर्थन में आवाज उठाई। जवानों ने कहा कि उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

अध्यक्ष भैरव जोशी ने बताया कि बुधवार को देहरादून में मुख्यमंत्री के निर्देश पर मुख्य सचिव द्वारा संगठन के प्रांतीय नेतृत्व से मांगों को लेकर विचार-विमर्श किया जाना है। वार्ता के बाद संगठन आगे की रणनीति तय करेगा।

फोटो_अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन करते प्रांतीय रक्षक दल के जवान।


Share This Post