चंपावत: पूर्व सैनिकों के सम्मान में स्वास्थ्य शिविर, 200 से ज्यादा ने कराई जांच।

Share This Post

चंपावत। देश की सीमाओं की रक्षा में अहम भूमिका निभाने वाले पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं के स्वास्थ्य की चिंता को लेकर चंपावत में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 161 एमएच इन्फेंट्री ब्रिगेड के चिकित्सकों के साथ जिला चिकित्सालय चंपावत और उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट की टीम ने 200 से अधिक पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों की स्वास्थ्य जांच की। जांच के बाद जरूरत के अनुसार दवाएं भी वितरित की गईं।

शिविर का शुभारंभ जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल उमेद सिंह की धर्मपत्नी संजना सिंह ने किया। उन्होंने चिकित्सा दल के साथ पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सैनिक भले ही सेवा से निवृत्त हो जाए, लेकिन देशभक्ति और समाज के प्रति सेवा का जज्बा कभी खत्म नहीं होता। इस दौरान वीरांगनाओं को उपहार भी भेंट किए गए।

शिविर में सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ विभिन्न रोगों की जांच, उपचार और फिजियोथेरेपी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। चिकित्सकों ने पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को स्वास्थ्य संबंधी जरूरी परामर्श भी दिया। एक ही स्थान पर विशेषज्ञ चिकित्सकीय सुविधा मिलने से पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को काफी राहत मिली।

शिविर में मेजर आरती रावत, कैप्टन एमएन नंदलाल, डॉ. सूर्या सिंह, डॉ. रवि भट्ट, डॉ. राजीव चौहान, डॉ. राकेश जोशी, डॉ. गौरंग जोशी समेत पैरामेडिक स्टाफ मौजूद रहा।

फोटो_चंपावत में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में स्वास्थ्य जांच और उपचार कराते पूर्व सैनिक एवं उनके परिजन।


Share This Post