चंपावत: पेयजल परियोजना से उखड़ी सड़कों की मरम्मत को मिले 10 करोड़, 4.5 किमी हिस्से में पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा।

Share This Post

दीपावली के बाद खटकना पुल से जीआईसी चौक तक होगा शेष कार्य, सड़कें दुरुस्त होने से लोगों को मिलेगी राहत।


चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मॉडल जिला चंपावत के संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। जिलाधिकारी की लगातार मॉनिटरिंग और विभागीय समन्वय से नगर की पेयजल परियोजना के साथ प्रभावित सड़कों के पुनर्स्थापन की कार्रवाई भी तेज हुई है। सड़कों की मरम्मत के लिए करीब 10 करोड़ रुपये राष्ट्रीय राजमार्ग खंड, लोक निर्माण विभाग लोहाघाट को भुगतान किए जा चुके हैं।

नगर की पेयजल व्यवस्था मजबूत करने के लिए संचालित परियोजना के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग के छह किलोमीटर हिस्से में 20 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जानी है। अब तक करीब 4.5 किलोमीटर सड़क क्षेत्र में 15 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाने के साथ जल दबाव परीक्षण, घरेलू पेयजल कनेक्शन और अन्य संबंधित कार्य पूरे कर लिए गए हैं।

यूयूएसडीए के प्रोजेक्ट मैनेजर अंकित आर्या ने बताया कि खटकना पुल से जीआईसी चौक के बीच शेष कार्य दीपावली के बाद प्रस्तावित हैं। परियोजना पूरी होने से नगर की पेयजल वितरण व्यवस्था बेहतर होगी और घरेलू उपभोक्ताओं को बेहतर जलापूर्ति मिल सकेगी।

पाइपलाइन बिछाने से प्रभावित सड़कों को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप दुरुस्त कराने पर भी जोर दिया जा रहा है। करीब 10 करोड़ रुपये का भुगतान होने के बाद अब नगरवासियों को क्षतिग्रस्त सड़कों से राहत मिलने की उम्मीद है। जिलाधिकारी की लगातार निगरानी में संबंधित विभागों के बीच समन्वय कर सड़क पुनर्स्थापन कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने की तैयारी है।

फोटो_पेयजल परियोजना के तहत सड़कों को दुरुस्त करने का कार्य तेजी से जारी।


Share This Post