चंपावत: “मां बाराही की कृपा से उत्तराखंड की सेवा का मिला अवसर, जल्द बनेगा उत्तर भारत का भव्य आध्यात्मिक धाम” — मुख्यमंत्री धामी।

Share This Post

देवीधुरा में मां बज्र बाराही मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री, ₹15 करोड़ की लागत से बनने वाले भव्य मंदिर का किया शिलान्यास।



लोहाघाट/देवीधुरा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देवीधुरा स्थित मां बज्र बाराही मंदिर में पूर्ण श्रद्धा और आस्था के साथ पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं विश्व कल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की प्रार्थना करते हुए कहा कि मां बाराही की कृपा से ही उन्हें उत्तराखंड की सेवा करने का अवसर मिला है।
मुख्यमंत्री ने भावुक अंदाज में कहा कि मां बाराही के दरबार में पहुंचते ही उन्हें ऐसा अनुभव होता है मानो वह अपने मायके आ गए हों। उन्होंने कहा कि मां की कृपा और आशीर्वाद हमेशा उन्हें नई ऊर्जा और प्रेरणा देता रहा है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने मां बाराही धाम में प्रस्तावित भव्य मंदिर निर्माण का शिलान्यास करते हुए कहा कि आने वाले समय में यह धाम उत्तर भारत की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि यह केवल मंदिर निर्माण नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और जनभावनाओं का विराट संगम है। श्री बाराही मंदिर ट्रस्ट के संस्थापक लक्ष्मण सिंह लमगडिया ने मुख्यमंत्री को मंदिर की विस्तृत रूपरेखा से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि लगभग ₹15 करोड़ की लागत से बनने वाला यह भव्य मंदिर जनसहयोग और जनशक्ति के आधार पर तैयार किया जाएगा। कुमाऊं के करीब 7 हजार पट्टीदार गांवों के प्रत्येक परिवार की भावनात्मक सहभागिता इस निर्माण से जुड़ी रहेगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व से समाज को धार्मिक और सांस्कृतिक पुनर्जागरण की प्रेरणा मिल रही है, जिसका इतिहास साक्षी बनेगा। ट्रस्ट की ओर से मुख्यमंत्री को मंदिर के प्रस्तावित स्वरूप का चित्र भेंट कर आभार व्यक्त किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह दिन दूर नहीं जब मां बाराही धाम में देश-विदेश से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचेंगे। इससे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इस अवसर पर मोहन सिंह बिष्ट, हयात सिंह बिष्ट, अमित लमगडिया, सतीश चंद्र पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, बिशन सिंह चम्याल, आजाद सिंह बिष्ट, राजेश बिष्ट, चंदन बिष्ट, ईश्वर सिंह बिष्ट सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



फोटो : देवीधुरा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को मां बाराही मंदिर के प्रस्तावित भव्य स्वरूप का चित्र भेंट करते हुए एवं मंदिर निर्माण का शिलान्यास करते हुए।


Share This Post