चंपावत: मादली में भिड़ीं बाइकें, डंपर की चपेट में आने से युवक की मौत!

Share This Post

चंपावत। तल्ली मादली में शुक्रवार शाम करीब 5:15 बजे दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत के बाद एक बाइक सवार डंपर की चपेट में आ गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल देव सिंह रावत (42) पुत्र जोत सिंह, हाल निवासी माउंट कार्मल स्कूल क्षेत्र को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे में डंडा बिष्ट निवासी अरविंद जोशी (50) पुत्र भवानी दत्त जोशी घायल हुए हैं। उनका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं गौरलचौड़ निवासी विनोद सिंह बोहरा (24) पुत्र इंद्र सिंह को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

घटनास्थल पर पेयजल लाइन बिछाने का काम चल रहा है। निर्माण कार्य के चलते सड़क पर गिट्टी और रेता फैला हुआ है। इससे सड़क पर फिसलन की स्थिति बनी हुई है। हादसे के बाद निर्माणाधीन हिस्से में सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर निर्माण सामग्री फैलने के बावजूद पर्याप्त चेतावनी संकेतक और सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है। दोपहिया वाहनों के लिए फिसलन और भारी वाहनों की आवाजाही का दबाव दुर्घटना का खतरा बढ़ा रहा है।

तल्ली मादली में डंपर से जुड़ा यह पहला जानलेवा हादसा नहीं है। कुछ माह पहले घटोत्कच मंदिर के पास नीलकंठ फार्म के डंपर की चपेट में आने से भी एक युवक की मौत हुई थी। अब दोबारा डंपर की चपेट में युवक की मौत ने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

स्थानीय लोगों ने सड़क से गिट्टी-रेता हटाने, निर्माण स्थल पर सुरक्षा संकेतक और बैरिकेडिंग लगाने तथा यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।

फोटो_मृतक देव सिंह रावत।


Share This Post