चंपावत: मायावती में 12 अक्टूबर से तीन दिवसीय नि:शुल्क चिकित्सा शिविर।

Share This Post

हृदय, किडनी, स्त्री रोग और त्वचा रोग के विशेषज्ञ देंगे परामर्श, सुदूर क्षेत्र के मरीजों को मिलेगा लाभ

लोहाघाट। सुदूर पर्वतीय क्षेत्र के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अद्वैत आश्रम मायावती के धर्मार्थ चिकित्सालय में 12 से 14 अक्टूबर तक तीन दिवसीय नि:शुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श और उपचार उपलब्ध कराएंगे।

चिकित्सालय के प्रभारी स्वामी देवानंद महाराज ने बताया कि शिविर में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. स्पंदन भादुड़ी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. झुमुर भादुड़ी, चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. सुधाकर राव एवं डॉ. कथाकलि चटर्जी, सर्जन एवं एमडी डॉ. राजेश वराशिया तथा किडनी रोग विशेषज्ञ डॉ. दयानंद मिश्रा अपनी सेवाएं देंगे।

शिविर में हृदय, किडनी, स्त्री रोग, त्वचा समेत विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे मरीज विशेषज्ञ चिकित्सकों से सीधे परामर्श ले सकेंगे। तीन दिनों तक चलने वाले इस शिविर का उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्र के उन लोगों तक विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा पहुंचाना है, जिन्हें उपचार के लिए दूरस्थ शहरों का रुख करना पड़ता है।

आश्रम के अध्यक्ष स्वामी शुद्धिदानंद महाराज ने क्षेत्रवासियों से शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सुदूर पर्वतीय क्षेत्र में एक ही स्थान पर विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध होना क्षेत्रवासियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है।


Share This Post