चंपावत में खेल प्रतिभाओं का दमदार प्रदर्शन, छात्रवृत्ति के लिए 330 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाई ताकत।

Share This Post

वीडियोग्राफी के बीच हुई चयन प्रक्रिया, 300 खिलाड़ियों को मिलेगी छात्रवृत्ति

चंपावत। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना के तहत सोमवार को आयोजित जनपद स्तरीय बालक वर्ग चयन ट्रायल में जिले की खेल प्रतिभाओं ने अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज कराई। जिले के चारों विकासखंडों, तीन नगर पालिकाओं और दो नगर पंचायतों से 330 से अधिक खिलाड़ियों ने मैदान में उतरकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

08 से 14 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए आयोजित ट्रायल में विभिन्न खेल गतिविधियों के माध्यम से उनकी शारीरिक क्षमता, कौशल और प्रदर्शन का आकलन किया गया। चयन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाए रखने के लिए संपूर्ण ट्रायल की वीडियोग्राफी कराई गई। खेल विभाग की ओर से प्रतिभागियों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई।

जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान जिले के चयनित 300 खिलाड़ियों को डीबीटी के माध्यम से छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है। सहायक प्रशिक्षक ललित मोहन कुंवर ने बताया कि वर्ष 2022-23 से संचालित इस योजना से अनेक खिलाड़ियों को लाभ मिल रहा है और खेलों के प्रति युवाओं का रुझान भी बढ़ा है।

जिला प्रशासन के निर्देशन में आयोजित इस ट्रायल को सफल बनाने में खेल विभाग के अलावा शिक्षा, युवा कल्याण, स्वास्थ्य, पुलिस, जल संस्थान और नगर निकायों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिला खेल समन्वयक प्रदीप बोरा, ब्लॉक खेल समन्वयकों और खेल प्रशिक्षकों ने चयन प्रक्रिया में सक्रिय योगदान दिया।


Share This Post