

चंपावत।। सरकारी विद्यालयों की भूमि को कानूनी सुरक्षा देने के लिए चलाए जा रहे ‘मेरा विद्यालय–मेरी जमीन’ अभियान के तहत चम्पावत जिले में महत्वपूर्ण कार्रवाई की गई है। शासन ने तहसील पाटी क्षेत्र के ग्राम तोलारैकुड़ी स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय कैडाइजर के नाम 0.060 हेक्टेयर भूमि के निःशुल्क हस्तांतरण/नामांतरण को स्वीकृति प्रदान कर दी है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के मार्गदर्शन में जिले के राजकीय विद्यालयों की भूमि के राजस्व अभिलेखों का परीक्षण कर उन्हें विधिवत विद्यालयी शिक्षा विभाग के नाम दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में उप जिलाधिकारी पाटी की आख्या एवं संस्तुति के आधार पर यह स्वीकृति मिली है। स्वीकृत भूमि में खाता संख्या 40 के अंतर्गत खसरा संख्या 2067 में 0.045 हेक्टेयर तथा खसरा संख्या 2069 में 0.015 हेक्टेयर, कुल 0.060 हेक्टेयर भूमि शामिल है।
भूमि को विद्यालय परिसर के उपयोग के लिए विद्यालयी शिक्षा विभाग, उत्तराखण्ड शासन के नाम हस्तांतरित/नामांतरित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों की भूमि को स्पष्ट अभिलेखीय पहचान और कानूनी सुरक्षा प्रदान करना है, ताकि भविष्य में भूमि संबंधी विवादों की संभावनाएं समाप्त हो सकें। भूमि रिकॉर्ड व्यवस्थित होने से विद्यालयों में भविष्य के विकास और अवस्थापना कार्यों के लिए भी स्थिति स्पष्ट रहेगी।
जिला प्रशासन ने अभियान के तहत अन्य राजकीय विद्यालयों की भूमि के अभिलेखीय परीक्षण और आवश्यक प्रक्रिया को भी प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने की बात कही है, ताकि विद्यालयों की भूमि को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और विधिक रूप से संरक्षित किया जा सके।




