10 परीक्षा केंद्रों पर 63 प्रतिशत अभ्यर्थियों की उपस्थिति, जैमर-सीसीटीवी और बायोमेट्रिक निगरानी में हुई परीक्षा; जिलाधिकारी ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दी बधाई।
चंपावत। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की स्नातक स्तरीय परीक्षा जनपद चंपावत में कड़े सुरक्षा प्रबंधों और सुव्यवस्थित प्रशासनिक व्यवस्था के बीच शांतिपूर्वक संपन्न हो गई। परीक्षा के सफल आयोजन के बाद जिला प्रशासन ने राहत की सांस ली। परीक्षा को पूर्ण गरिमा, पारदर्शिता और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार के नेतृत्व में पिछले दस दिनों से लगातार तैयारियों और समीक्षा बैठकों का दौर चल रहा था।
जनपद में कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जिनमें चंपावत में चार तथा लोहाघाट में छह केंद्र शामिल थे। परीक्षा के लिए 3417 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 2151 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। उपस्थिति के लिहाज से चंपावत जनपद ने राज्य स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए उत्तरकाशी के बाद दूसरा स्थान प्राप्त किया। परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए दस दो जनरल तथा प्रत्येक केंद्र पर आयोग के पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई थी। सभी केंद्रों में जैमर, सीसीटीवी कैमरे, बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली तथा व्यापक पुलिस व्यवस्था लागू रही। सुरक्षा व्यवस्था इतनी सख्त थी कि परीक्षा केंद्रों के भीतर और आसपास किसी भी प्रकार की अनियमितता की कोई संभावना नहीं रही।
जिलाधिकारी मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक रेखा यादव पूरे समय परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते रहे तथा व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए रखी। परीक्षा सकुशल संपन्न होने पर जिलाधिकारी ने इस महत्वपूर्ण दायित्व से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनकी मेहनत और समर्पण की सराहना की। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों ने भी व्यवस्थाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के मॉडल जिले में परीक्षा संचालन के लिए जिस प्रकार की पारदर्शी और अनुशासित व्यवस्था देखने को मिली, उसमें किसी प्रकार की कमी निकालने की गुंजाइश नहीं थी। आयोग के पर्यवेक्षक डॉ. अजय सिंह ने भी दिनभर परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और बताया कि सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उन्होंने परीक्षा व्यवस्थाओं पर पूर्ण संतोष व्यक्त किया।
परीक्षाओं के नोडल अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी ने भी परीक्षा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सुरक्षा कर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए उनकी कार्यकुशलता की सराहना की।
फोटो_परीक्षा के दौरान केंद्र का निरीक्षण करते जिलाधिकारी मनीष कुमार साथ में एसडीएम चंपावत विपिन पंत।
चंपावत: यूकेएसएसएससी परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न, चंपावत प्रशासन की कड़ी निगरानी और अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था की हुई सराहना।

