चंपावत: राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में चमकेगा चम्पावत का दम, जिले के 10 खिलाड़ियों का उत्तराखंड टीम में चयन।

Share This Post

युवा भवन लोहाघाट में जोरों पर तैयारियां, डीएम मनीष कुमार ने खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं।


लोहाघाट। जनपद चंपावत के लिए गर्व की बात है कि जिले के 10 प्रतिभाशाली कराटे खिलाड़ियों का चयन उत्तराखंड राज्य कराटे टीम में हुआ है। ये खिलाड़ी आगामी 3 जून से 7 जून 2026 तक देहरादून के परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देशीय क्रीड़ा हाल में आयोजित होने वाली सब जूनियर, कैडेट एवं जूनियर नेशनल कराटे चैंपियनशिप-2026 में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इन दिनों युवा भवन लोहाघाट स्थित कराटे हॉल में चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारियों में जुटे हुए हैं। नियमित अभ्यास सत्रों के माध्यम से खिलाड़ियों को तकनीकी कौशल, फिटनेस और मानसिक मजबूती पर विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे राष्ट्रीय स्तर पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें।
कराटे कोच दीपक अधिकारी ने बताया कि जिले के खिलाड़ियों ने राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए जगह बनाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ी अपनी मेहनत और अनुशासन के बल पर राष्ट्रीय मंच पर भी शानदार प्रदर्शन करेंगे और पदक जीतकर चम्पावत तथा उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी लगन, आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया। साथ ही उम्मीद जताई कि खिलाड़ी अधिक से अधिक पदक जीतकर जिले और प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगे।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने जा रहे खिलाड़ियों के चयन से जिले के खेल प्रेमियों और अभिभावकों में भी उत्साह का माहौल है। खेल जगत से जुड़े लोगों का मानना है कि यह उपलब्धि जनपद में कराटे खेल के बढ़ते स्तर और खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत का परिणाम है।


फोटो – युवा भवन लोहाघाट स्थित कराटे हॉल में राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप की तैयारी के लिए अभ्यास करते चयनित खिलाड़ी एवं कराटे कोच दीपक अधिकारी।


Share This Post