चंपावत। शहर के जायका रेस्टोरेंट से आगे स्थित खतरनाक मोड़ (गैस गोदाम की तरफ ) पर बुधवार को एक बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और सड़क किनारे बने नाले में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार युवक को मामूली चोटें आईं। स्थानीय लोगों की तत्परता से उसे तुरंत बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक मोड़ पर पहुंचते ही संतुलन बिगड़ने से फिसल गई और सीधे नाले में जा गिरी। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने बिना देर किए राहत कार्य शुरू किया और युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक सहायता दी। कुछ समय बाद स्थानीय लोगों की मदद से बाइक को भी नाले से बाहर निकाल लिया गया।
घटना के बाद एक बार फिर इस स्थान की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह मोड़ पहले से ही दुर्घटना संभावित क्षेत्र है। गैस गोदाम,जिला चिकित्सालय एवं राष्ट्रीय राजमार्ग होने के कारण यहां दिनभर वाहनों की आवाजाही रहती है और अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। इसके बावजूद सड़क किनारे सुरक्षा रेलिंग, क्रैश बैरियर और पर्याप्त चेतावनी संकेतक नहीं होने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में ऐसे मोड़ों पर मजबूत सुरक्षा रेलिंग और अन्य बचाव इंतजाम बेहद जरूरी हैं। यदि इस स्थान पर सुरक्षा बैरियर लगे होते तो बाइक के सीधे नाले में गिरने की संभावना काफी कम हो सकती थी। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मोड़ का जल्द निरीक्षण कर सुरक्षा रेलिंग, रिफ्लेक्टर, चेतावनी बोर्ड और बेहतर यातायात प्रबंधन की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।

