एक सप्ताह में व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो उग्र जनआंदोलन की चेतावनी, बोले—करोड़ों की स्वास्थ्य सुविधाएं किस काम की, जब इलाज करने वाले डॉक्टर ही नहीं।
लोहाघाट। उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट से विशेषज्ञ चिकित्सकों के तबादले के विरोध में शनिवार को उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के कार्यकर्ताओं ने अस्पताल परिसर में धरना-प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यूकेडी ने विशेषज्ञ चिकित्सकों के स्थानांतरण को तत्काल निरस्त कर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं बहाल करने की मांग उठाई। साथ ही चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर व्यवस्था पटरी पर नहीं लौटी तो उग्र जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।
यूकेडी नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री के मॉडल जिले चंपावत में वर्षों की मेहनत के बाद उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट की स्वास्थ्य सेवाएं धीरे-धीरे पटरी पर आई थीं, लेकिन विशेषज्ञ डॉक्टरों के तबादले से एक बार फिर स्वास्थ्य व्यवस्था चरमराने की स्थिति में पहुंच गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार अस्पतालों में करोड़ों रुपये की मशीनें और आधुनिक संसाधन उपलब्ध करा रही है, लेकिन जब मरीजों का इलाज करने के लिए विशेषज्ञ चिकित्सक ही नहीं होंगे तो इन सुविधाओं का क्या औचित्य रह जाएगा।
धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व दरवान सिंह रजवार ने किया। इस दौरान यूकेडी नेता राजेंद्र पुनेठा, जिला महामंत्री रमेश बिष्ट, मनोज जोशी, भुवन बिष्ट, नारायण सिंह अधिकारी, शिवराज बोहरा, नीरज बेनीवाल, पूर्ण रावत, प्रह्लाद बिष्ट समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यूकेडी नेताओं ने भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सत्तारूढ़ दल के नेताओं को जनता की इस गंभीर समस्या को मुख्यमंत्री के समक्ष मजबूती से उठाना चाहिए। उनका आरोप था कि मामले में सत्तारूढ़ दल की चुप्पी से लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है।
इधर, स्वास्थ्य सचिव विजय शंकर पांडे की ओर से सभी जिलाधिकारियों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को स्थानांतरित चिकित्सकों को तत्काल कार्यमुक्त करने के निर्देश जारी किए जाने के बाद स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि विशेषज्ञ चिकित्सकों के जाने से सीमांत क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं पर सीधा असर पड़ेगा। उन्होंने जिलाधिकारी मनीष कुमार से मामले में सकारात्मक पहल कर समाधान निकालने की उम्मीद जताई है। लोगों ने चेताया कि यदि जल्द विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती नहीं हुई तो तबादले का मुद्दा बड़े जनआंदोलन का रूप ले सकता है।
फोटो_उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट में विशेषज्ञ डॉक्टरों के तबादले के विरोध में धरना-प्रदर्शन करते उत्तराखंड क्रांति दल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता।
चंपावत: विशेषज्ञ डॉक्टरों के तबादले पर भड़का यूकेडी, लोहाघाट अस्पताल में गरजे कार्यकर्ता।
