चंपावत: ₹65.95 करोड़ की बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं की सौगात, “शारदा तटबंध सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव”- सीएम धामी।

Share This Post

बूमघाट में भूमि पूजन व शिलान्यास, विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर लाभार्थियों से संवाद, महिलाओं संग बनाई रोटी-चटनी


चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चंपावत के बूमघाट में ₹65.95 करोड़ की दो महत्वपूर्ण बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। इनमें बूम से टनकपुर तक शारदा नदी किनारे ₹60.20 करोड़ की लागत से तटबंध निर्माण तथा ग्राम छीनीगोठ की सुरक्षा के लिए हुड्डी नदी पर ₹5.75 करोड़ की लागत से सुरक्षात्मक दीवार का निर्माण शामिल है।
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने शारदा नदी पर चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थल पर उनका पारंपरिक कुमाऊँनी रीति-रिवाज, छोलिया नृत्य और पुष्पवर्षा के साथ भव्य स्वागत किया गया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि “शारदा तटबंध केवल निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य और क्षेत्र के समग्र विकास की मजबूत आधारशिला है।” उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शारदा कॉरिडोर, मानसखंड मंदिर माला मिशन और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देकर चम्पावत को नई पहचान देने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि लगभग ₹3300 करोड़ की शारदा कॉरिडोर परियोजना के तहत शारदा रिवर फ्रंट समेत कई धार्मिक और पर्यटन स्थलों का विकास किया जा रहा है। साथ ही महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, साइंस सेंटर, कृषि महाविद्यालय, आईएसबीटी, मीडिया सेंटर और सैनिक स्मारक जैसी कई विकास योजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।
सेवा पखवाड़े के तहत लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों से संवाद किया और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए। महिला स्वयं सहायता समूह के स्टॉल पर उन्होंने स्थानीय महिलाओं के साथ पारंपरिक तरीके से रोटी और चटनी भी बनाई, जिसने कार्यक्रम का आकर्षण बढ़ाया। स्वास्थ्य शिविर में निक्षय योजना के पांच लाभार्थियों को पोषण किट भी वितरित की गई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी जी.एस. खाती सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

फोटो – टनकपुर के बूमघाट में ₹65.95 करोड़ की बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं का शिलान्यास करते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।


Share This Post