चंपावत: 19 दिन बाद थमा डिप्लोमा इंजीनियरों का आंदोलन, सीएम से वार्ता के बाद काम पर लौटे कर्मचारी।

Share This Post

27 सूत्रीय मांगों पर सरकार का भरोसा, चंपावत समेत प्रदेश में फिर दौड़ेंगे विकास कार्य

चंपावत। करीब तीन हफ्तों तक चले डिप्लोमा इंजीनियरों के आंदोलन पर आखिरकार विराम लग गया। देहरादून में प्रांतीय अध्यक्ष आरसी शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से हुई निर्णायक वार्ता के बाद आंदोलन समाप्त करने का ऐलान कर दिया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इंजीनियरों की 27 सूत्रीय मांगों पर गंभीरता से विचार का भरोसा दिलाया और सभी कर्मचारियों से तुरंत काम पर लौटने की अपील की। उन्होंने साफ निर्देश दिए कि आंदोलन के चलते ठप पड़े विकास कार्यों को अब युद्धस्तर पर पूरा किया जाए।
प्रांतीय अध्यक्ष आरसी शर्मा ने कहा कि इंजीनियरों ने मजबूरी में आंदोलन का रास्ता चुना था, लेकिन सरकार के सकारात्मक रुख के बाद अब संघर्ष विराम लिया गया है। उन्होंने भरोसा जताया कि मांगों पर जल्द ठोस निर्णय होगा और इंजीनियर पूरी ताकत के साथ विकास कार्यों को गति देंगे।आंदोलन खत्म होने से आम जनता को भी बड़ी राहत मिली है। बीते 19 दिनों से कई योजनाएं और विभागीय कार्य प्रभावित हो रहे थे। चंपावत जिले में भी जिला डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ के बैनर तले सभी इंजीनियरों ने काम पर वापसी कर ली है।
महासंघ के गोपाल कालाकोटी, प्रबुद्ध शर्मा, देवेश कुमार और परमानंद पुनेठा समेत अन्य पदाधिकारियों ने आंदोलन के दौरान मिले समर्थन के लिए सभी संगठनों, जनप्रतिनिधियों और मीडिया का आभार जताया। उन्होंने साथियों से आह्वान किया कि रुके हुए कार्यों को प्राथमिकता के साथ तेजी से पूरा कर जनता को राहत दी जाए। वरिष्ठ इंजीनियर परमानंद पुनेठा ने बताया कि सभी विभागों में काम दोबारा शुरू हो चुका है और अब विकास कार्यों को तेज रफ्तार दी जा रही है।

फोटो_ आरसी शर्मा, प्रांतीय अध्यक्ष—डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ।


Share This Post