चंपावत: 195 फरियादें, डीएम के सामने आई समस्याओं की लंबी फेहरिस्त।

Share This Post

सड़क-पानी से लेकर आवास और फसल सुरक्षा तक उठे मामले, अधिकारियों को मौके पर कार्रवाई के निर्देश।

चंपावत। जनता की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए सोमवार को जिला सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में 195 फरियादें पहुंचीं। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम के सीधे संवाद और त्वरित निर्देश से फरियादियों को अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद बंधी।

जनता मिलन में सड़क, पेयजल, सोलर लाइट, प्रधानमंत्री आवास, सुरक्षा दीवार, फसल सुरक्षा के लिए चैनल लिंक फेंसिंग, पेंशन, राशन कार्ड और आर्थिक सहायता से जुड़े मामले प्रमुखता से उठे। डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका असर जमीन पर भी दिखाई देना चाहिए।

चटकॉट के पूर्व ग्राम प्रधान विजय सिंह ने क्षतिग्रस्त सीसी मार्ग के सुधारीकरण की मांग रखी। तल्ली जमौला निवासी शंकर दत्त जोशी ने आपदा से क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत का मामला उठाया। डीएम ने जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी और बीडीओ चंपावत को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

खटोली तल्ली के देवेंद्र बुराठी समेत अन्य ग्रामीणों ने फसल सुरक्षा के लिए चैनल लिंक फेंसिंग की मांग रखी। इस पर डीएम ने मुख्य कृषि अधिकारी को मामलों की जांच कर कार्रवाई करने को कहा। वहीं धोरजा, बिसौं, मटेला और तामली से पहुंचे लोगों ने सोलर लाइट की मांग रखी, जिस पर यूरेडा अधिकारी को निर्देश दिए गए।
जनता मिलन में पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए। ग्राम पाऊ की शांति देवी को डीएम के निर्देश पर एसडीएम लोहाघाट नीतू डागर ने खतौनी और कंबल उपलब्ध कराया। अन्य लोगों ने वृद्धावस्था पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, पेयजल लाइन और बीपीएल राशन कार्ड से संबंधित समस्याएं रखीं।

डीएम मनीष कुमार ने अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ बिना अनावश्यक देरी के मिलना चाहिए। उन्होंने पेयजल, सड़क और आपदा से क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों के मामलों को प्राथमिकता देने को कहा।

जनता मिलन में जिला पर्यटन अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर डीएम ने नाराजगी जताई और स्पष्ट किया कि जनता से सीधे जुड़े महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में संबंधित विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी जरूरी है। डीएम के इस रुख को लेकर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी समस्याओं को गंभीरता से सुने जाने और अधिकारियों को सीधे निर्देश दिए जाने को सकारात्मक पहल बताया।

फोटो_जनता मिलन में फरियादियों की समस्याएं सुनते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post