

टनकपुर में आधुनिक बस टर्मिनल का डीएम मनीष कुमार और एसपी रेखा यादव ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता से समझौता न करने की हिदायत।
टनकपुर। मां पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए टनकपुर में 237.74 करोड़ रुपये की लागत से अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) का निर्माण किया जा रहा है। शनिवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने निर्माणाधीन परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजना में गुणवत्ता, निर्धारित मानकों और समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी न हो और यात्रियों की सुविधा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं बेहतर तरीके से विकसित की जाएं।
श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘आदर्श चंपावत’ के संकल्प के तहत बन रहा यह आईएसबीटी टनकपुर की परिवहन व्यवस्था को नई मजबूती देगा। बस टर्मिनल बनने से यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलने के साथ ही मां पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी राहत मिलेगी। इससे क्षेत्र में पर्यटन और स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
जिलाधिकारी और एसपी ने परिसर में वाहनों की आवाजाही, पार्किंग, यातायात प्रबंधन और यात्रियों की सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना में सभी जरूरी सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान परियोजना प्रबंधक सीएनडीएस गिरीश पंत सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
फोटो_ टनकपुर में निर्माणाधीन आईएसबीटी का निरीक्षण करते जिलाधिकारी मनीष कुमार और एसपी रेखा यादव।






