पंतनगर विवि के प्रसार निदेशक बने डॉ. चंद्रेश तिवारी, किसानों में जगी नई उम्मीद।

Share This Post

लोहाघाट केवीके से इंटीग्रेटेड खेती को मिलेगा बढ़ावा, पहाड़ से पलायन रोकना प्राथमिकता।

चंपावत। पहाड़ में खेती सिमट रही है, खेत बंजर हो रहे हैं और किसान आजीविका की तलाश में पलायन कर रहे हैं। ऐसे समय में गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में डॉ. चंद्रेश तिवारी को निदेशक प्रसार की जिम्मेदारी मिलना जिले के किसानों के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर आया है। किसानों ने उनकी नियुक्ति का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि अब लोहाघाट कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) पहाड़ की कृषि को नई पहचान दिलाने में निर्णायक भूमिका निभाएगा।

एग्रोनॉमी के विशेषज्ञ डॉ. तिवारी पर्वतीय और मैदानी खेती की परिस्थितियों का अनुभव रखते हैं। मैदानी क्षेत्रों में धान के स्थान पर मक्का की खेती को बढ़ावा देकर उन्होंने पानी बचाने और फसल विविधीकरण की दिशा में काम किया है। उनका कहना है कि पहाड़ की खेती को बचाने के लिए किसानों को परंपरागत खेती के दायरे से बाहर निकालकर आधुनिक तकनीक और एकीकृत कृषि मॉडल से जोड़ना होगा।

डॉ. तिवारी ने कहा कि पहाड़ से पलायन रोकना उनकी प्राथमिकता होगी। मौनपालन, फूलों की खेती, मत्स्य पालन और मुर्गी पालन को खेती से जोड़कर किसानों की आय बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे। चंपावत की विविध जलवायु और भौगोलिक परिस्थितियां कृषि के लिए बड़े अवसर प्रदान करती हैं। जरूरत इन संभावनाओं को खेतों तक पहुंचाने की है।

मिट्टी बह रही, खेत बचाने की बड़ी चुनौती_

डॉ. तिवारी ने ‘खेत बचाओ अभियान’ को धरातल पर उतारने पर जोर देते हुए कहा कि हर साल खेतों के करीब 30 प्रतिशत पोषक तत्व पानी के साथ बह जाते हैं। मिट्टी की उर्वरता बचाना कृषि के भविष्य से जुड़ा गंभीर सवाल है। राजस्थान में सूखते जलस्रोतों को पुनर्जीवित करने के अपने अनुभव का उपयोग भी वे उत्तराखंड में करेंगे।

भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष नवीन करायत सहित प्रगतिशील किसान नरेश सिंह, भीम सिंह महर, तारा दत्त खर्कवाल, रमेश खर्कवाल और पीतांबर गहतोड़ी ने कुलपति का आभार जताया। किसानों ने उम्मीद जताई कि नए निदेशक के नेतृत्व में लोहाघाट केवीके प्रशिक्षण और औपचारिकताओं से आगे बढ़कर किसानों के खेतों में ठोस बदलाव लाएगा।

फोटो_पंतनगर विश्वविद्यालय के नवनियुक्त निदेशक प्रसार डॉ. चंद्रेश तिवारी।


Share This Post